सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। अपने खट्टे मीठे स्वाद के लिए बेहद लोकप्रिय श्रीगंगानगर के किन्नू को बांग्लादेश पहुंचाने के लिए रेलवे ने आगामी सीजन में विशेष मालगाड़ियां चलाने के संकेत दिए हैं। बीकानेर रेल मंडल के डीआरएम राजीव श्रीवास्तव ने वीरवार को अनाज मंडी में दी गंगानगर ट्रेडर्स असोसिएशन किन्नू संघ और किन्नू क्लब के पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें किन्नू के साथ साथ सरसों तेल, गेहूं, कपास और गाजर के रेल परिवहन की संभावनाओं पर विचार विमर्श किया। लगभग एक घंटा चली बैठक में व्यापारियों द्वारा कृषि उत्पादों के बारे में अनेक प्रकार के सुझाव दिए, जिससे कि रेलवे के साथ-साथ व्यापारियों तथा किसानों को भी फायदा हो। डीआरएम ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिसंबर, जनवरी और फरवरी माह में किन्नू का जब सीजन पूरे जोर पर होगा, तब यहां से माल सीधे बांग्लादेश पहुंचाने के लिए विशेष मालगाड़ियां चलाई जा सकती हैं। किन्नू व्यापारियों और रेलवे अधिकारियों में इसी को दृष्टिगत रखते हुए अभी से अपनी अपनी तैयारियां करने की सिद्धांत पर सहमति बैठक में व्यस्त व्यक्त की गई।
बैठक के बाद डीआरएम राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि यह बैठक बहुत ही सार्थक तथा उत्साहजनक रही। व्यापारियों ने बहुत ही उपयोगी तथा महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। प्रबल संभावना है कि आगामी किन्नू सीजन में श्रीगंगानगर से बांग्लादेश के लिए विशेष मालगाड़ियां चला दी जाएंगी। अगर पर्याप्त माल बाहर मिला तो इसके लिए डेडीकेटेड मॉडिफाइड वैगन की व्यवस्था भी करवाई जाएगी। इस क्षेत्र से रेलवे को गेहूं,कपास, सरसों तेल आदि कृषि जिंसों और कृषि उत्पादों के परिवहन को लेकर विपुल संभावनाएं हैं। हर संभावना पर गौर कर रेलवे की आय को बढ़ाने और रेलवे की ओर से अधिक अधिक सुविधाएं देने पर जोर रहेगा। श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन के आजाद सिनेमा फाटक के समीप माल गोदाम को निकटवर्ती बनवाली रेलवे स्टेशन पर स्थानांतरित करने के संबंध में डीआरएम ने कहा कि वहां आवश्यक जमीन के अधिग्रहण के लिए राज्य सरकार ने एसडीएम को विशेष अधिकारी नियुक्त कर दिया है। यह काम अब जल्द से जल्द हो जाएगा। भूमि अधिग्रहण होते ही माल गोदाम शिफ्टिंग का काम युद्धस्तर पर किया जाएगा।