श्रीगंगानगर । पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर कांतासिंह को राजस्थान सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। संस्थान के प्रदेश सचिव सुखदेव व्यास ने प्रदेश कार्यकारिणी की मीटिंग में लिए गए निर्णय के अनुसार यह मनोनयन किया है। कांतासिंह ने शीघ्र ही जिला कार्यकारिणी का गठन किए जाने की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 19 सितंबर को शपथ ग्रहण समारोह किया जाएगा।संस्थान की ओर से श्रीगंगानगर में अदालतों की तारीख पेशी अथवा विभागीय कार्यों के लिए बाहर से आने वाले सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों व अधिकारियों के ठहरने के लिए गेस्ट हाउस की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। श्रीकरणपुर मार्ग पर चक 7 जैड के पास उन्होंने अपने फार्म हाउस में बने इस गेस्ट हाउस को सेवानिवृत्त कर्मियों और अधिकारियों के लिए मुहैया करवाया है। बाहर से आने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा अधिकारियों द्वारा फोन किए जाने पर उन्हें गेस्ट हाउस ले जाने और छोड़ने के लिए वाहन की व्यवस्था भी संस्थान द्वारा की जाएगी। गेस्ट हाउस में भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की परेशानियों को देखते हुए संस्थान ने यह सुविधा प्रदान की है। संस्थान सेवानिवृत्त कर्मचारियों की हर प्रकार से मदद करेगा। सेवारत पुलिस कर्मियों की सहायता के लिए संस्थान तत्पर रहेगा। रिटायर्ड इंस्पेक्टर कांतासिंह ने कहा कि आमतौर पर पुलिस विभाग में सिपाही और हवलदार कोही दोषी बताकर दंडित कर दिया जाता है।बड़े अधिकारी साफ बच निकलते हैं। यह संस्थान पीड़ित सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को न्याय दिलाने में सहायता करेगा। इसके लिए कोई भी सेवानिवृत्त पुलिस कार्मिक संस्थान से बेधड़क होकर संपर्क कर सकता है।