बीकानेर. रेल सुविधाओं में विस्तार की मांग को लेकर शुक्रवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक राजीव श्रीवास्तव से मुलाकात की। इस दौरान बीकानेर की रेल समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।
इसमें प्रतिनिधि मंडल ने ट्रेन संख्या 12403 , 12404 प्रयागराज एक्सप्रेस को बीकानेर तक विस्तारित करने, ट्रेन संख्या 06151, 06152 हजरत निजामुदीन-चेन्नई सेन्ट्रल साप्ताहिक गरीब रथ का विस्तार बीकानेर तक करने, ट्रेन संख्या 12979, 12980 त्रिसाप्ताहिक जयपुर बांद्रा टर्मिनल होलीडे एक्सप्रेस को बीकानेर तक विस्तारित करने, ट्रेन संख्या 14719,14720 बीकानेर विलासपुर साप्ताहिक अन्त्योदय एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने, बीकानेर-हावड़ा ट्रेन वर्तमान में तीन दिन के लिए चलाई गई है उसे प्रतिदिन चलाया जाए। इसके अलावा बीकानेर से दिल्ली के मध्य एक नई इंटरसिटी गाड़ी सुबह 4 से 5 बजे चलाने सहित मांगे रखी। इस दौरान अपर मण्डल रेल प्रबंधक एन के शर्मा, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश मौजूद थे।
प्रतिनिधि मंडल में जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल, बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष एवं डीआरयूसीसी सदस्य द्वारकाप्रसाद पचीसिया, अनंतवीर जैन आदि शामिल रहे।