लूणकरनसर. यहां उपखण्ड मुख्यालय पर शुक्रवार को भारतमाला सड़क परियोजना में अमृतसर से काण्डला (इकोनोमिक कोरिडोर) तक बनने वाले एक्सप्रेस हाइवे-७५४(के) के तहत जमीन के लेवल से ५-६ फीट नीचे खुदाई कर बनाए जा रहे अंडरपास (पुल) के विरोध समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर आयोजित धरने में बड़ी तादाद में किसान शामिल हुए। दिनभर चले धरने के बाद उपखण्ड अधिकारी अशोक कुमार रिणवां की मौजूदगी में हुई वार्ता में सहमति बनने पर किसानों ने धरना एकबारगी दुबारा वार्ता होने तक स्थगित किया है।
वही उपखण्ड अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि दुबारा वार्ता नहीं होने तक अण्डरपास के निर्माण कार्य बंद रहेंगे। इसको लेकर किसान सहमत हो गए। इस पूर्व धरने को सम्बोधित करते हुए ब्राह्मण समाज विकास संस्था के अध्यक्ष प्रभुदयाल सारस्वत ने कहा कि भारतमाला सड़क के तहत निर्माणाधीन एक्सप्रेस हाइवे के निर्माण कार्य में अधिकारियों व ठेकेदारों की मिलीभगत से मनमानी की जा रही है। अण्डरपास जमीन में ५-६ फीट खुदाई कर बनाए जा रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। इसके अलावा क्षेत्र के पानी, बिजली, अकाल राहत, सिंचाई पानी, कृषि कनेक्शन समेत कई मुद्दों का उठाया गया। रालोपा के तहसील अध्यक्ष भीराजराम जाखड़, नत्थीराम सींवर, किसान नेता धर्मवीर गोदारा, तोलाराम गोदारा, बुधाराम मेघवाल, भंवरलाल शर्मा, ओमप्रकाश नायक, इन्द्राज धायल, रामकुमार बिश्नोई आदि ने विचार रखे।
अधिकारियों से हुई वार्ता
धरने के दौरान प्रशासन द्वारा किसानों को वार्ता के लिए बुलाया गया। ब्राह्मण समाज विकास संस्था के अध्यक्ष सारस्वत व रालोपा तहसील अध्यक्ष जाखड़ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमण्डल के उपखण्ड अधिकारी की मौजूदगी में विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता केसी बिश्नोई व सहायक अभियंता मुकेश कुमार मालू के साथ वार्ता हुई। निगम अधिकारियों ने कहा कि नए कनेक्शन को लेकर अभी सामान की कमी है। आगामी दो महीने में किसानों को वरियता से कृषि कनेक्शन का सामान दे दिया जाएगा तथा घरेलू व कृषि उपभोक्ताओं को अब कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जिला कलक्टर को अवगत करवाएंगे
किसानों से वार्ता में उपखण्ड अधिकारी ने कहा कि अण्डरपास समेत अन्य मामलों को लेकर जिला कलक्टर से मुलाकात कर मामले से अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतमाला सड़क प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों व किसानों की दुबारा वार्ता होने तक विवाद वाली जगहों पर अण्डरपास के निर्माण कार्य बंद रखे जाएंगे।