श्रीगंगानगर । सदर थाना और मटीली राठान थाना पुलिस ने कल देर रात को घेराबंदी कर एक गाड़ी में सवार कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सहित तीन बदमाशों को रुपए लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया।तीनों के विरुद्ध सदर थाना में आज बड़े तड़के लूट का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक सीमावर्ती गांव मिर्जावाला निवासी महेंद्र(पुत्र मघाराम) द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर धारा 392 के तहत दर्ज किए गए मुकदमे में पुरानी आबादी थाना क्षेत्र के एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अमृतलाल उर्फ बड़ेलाल तथा उसके दो साथियों जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी और बलकारचंद्र उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई हरपाल ज्याणी ने बताया कि पुरानी आबादी में श्रीकरनपुर रोड पर अपने मामा की मोटरसाइकिल वर्कशॉप पर काम करने वाला युवक महेंद्र अपने दोस्त विक्रम पुत्र प्रेम नायक निवासी मिर्जावाला के साथ देर रात को मोटरसाइकिल पर अपने गांव मिर्जावाला जा रहा था। मिर्जावाला मार्ग पर नगर परिषद की नंदीशाला के नजदीक जब यह युवक पहुंचे तो एक गाड़ी (आरजे 13 सीसी 8631) में आए तीन व्यक्तियों ने रोक लिया। महेंद्र और विक्रम के पास एक बैग था, जिसकी तलाशी लेने लगे। बैग में 50 हजार रुपए थे, जो महेंद्र को उसके मामा ने घर देने के लिए दिए थे वर्कशॉप संचालक पुराने मोटरसाइकिल खरीदने बेचने का काम भी करता है। तलाशी लेने के बहाने उक्त तीनों व्यक्तियों ने बैग से 50 हजार रुपए निकाल लिए और धमका कर भाग गए। वारदात की सूचना मिलते ही मिर्जावाला मार्ग पर सदर थाना और मटीली राठान थानों की पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। घटना के कुछ देर बाद ही चक 11-जैड के पास कार में सवार तीनों बदमाशों को लूटी गई राशि सहित काबू कर लिया गया। पुरानी आबादी में वार्ड नंबर 2 में देवनगर निवासी अमृतलाल उर्फ बड़ेलाल गुप्ता कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस के मुताबिक उस पर 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथ पकड़े गए बलकारचंद उर्फ राजू रामदासिया निवासी वार्ड नंबर 4 मोहनपुरा और जसप्रीतसिंह उर्फ जस्सी राजपूत निवासी चक 11 जैड पर भी 4-4,5-5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि कुछ समय से बड़ेलाल ने शराब की दुकानें चलाने का काम शुरू कर रखा है। उसके यह दोनों साथी भी शराब के कारोबार से जुड़े हुए हैं। कल रात की घटना के बारे में प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि इन तीनों ने उक्त दोनों युवकों को अवैध रूप से शराब ले जाने के संदेह में पकड़ा था। उनके बैग की तलाशी भी अवैध शराब होने के संदेह मे ली लेकिन बैग में रुपए मिले तो उसे लेकर भाग गए। तीनों को कल अदालत में पेश किया जाएगा।