हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। भामाशाह तनसिंह चौहान बाड़मेर की स्मृति में रविवार को मानव उत्थान सेवा समिति सदस्यों की ओर से जंक्शन में बाइपास रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय व जिला डाइट कार्यालय के समीप पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरूवात केंद्रीय विद्यालय प्राचार्य रामकरण मीणा, रिषि भारद्वाज, सीताराम घोड़ेला, लोकराज शर्मा की ओर से नीम का पौधा लगाकर की गई। प्राचार्य रामकरण मीणा ने कहा कि अपने परिजनों की यादें चिरस्थाई बनाए रखने के लिए पौधरोपण से बड़ा कोई माध्यम नहीं है और समिति सदस्यों की ओर से पर्यावरण प्रेमी तनसिंह चौहान की स्मृति में किया जा रहा पौधरोपण उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि यह पौधे बड़े होकर भविष्य में आमजन को स्वच्छ प्राणवायु के साथ छाया प्रदान करेंगे। समिति अध्यक्ष लाधूसिंह भाटी ने बताया कि भामाशाह तनसिंह चौहान की स्मृति में गत वर्ष भी 21 पौधे लगाए गए थे जो वर्तमान में आमजन व राहगीरों को छाया प्रदान कर रहे हैं। भाटी ने बताया कि भामाशाह के पुत्र जोगेंद्र सिंह व राजेन्द्र सिंह चौहान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए समिति को समय-समय पर आर्थिक सहयोग करते रहते हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए जा सकें। उन्होंने बताया कि रविवार को भी 21 पौधे मय ट्री गार्ड लगाए गए हैं। इस दौरान लोकराज शर्मा, गोविन्द सिंह रामगढ़िया, खुशी अमलानी, सुरेश महला, सुधीर पूनिया, संजय रावत, विपिन शर्मा, सचिन बंसल, रमेश शाक्य, रामकरण दहिया, अनुज पाल, अंकित शाक्य, गोविंद लबाना आदि मौजूद थे।