Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जेल में भिड़े बंदी, हार्डकोर की नाक टूटी

  • घायल बंदी के पर्चा बयान पर तीन जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला कारागृह में कुछ बंदी आपस में भिड़ गए। मारपीट में एक हार्डकोर की नाक पर चोट लगी। घायल बंदी को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में घायल बंदी के पर्चा बयान के आधार पर तीन बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में भर्ती हार्डकोर कालूराम उर्फ कालिया (40) पुत्र बृजलाल जाट निवासी डबलीराठान ने पर्चा बयान देते हुए बताया कि वह करीब 16 माह से जिला जेल में बन्द है। वह जेल के अन्दर बैरक नम्बर 5 में रहता है। मंगलवार सुबह करीब 10.45 बजे वह बैरक नम्बर 5 के आगे खड़ा था। उस समय बैरक का दरवाजा खुला था। तभी बंदी कालू उर्फ कुलदीप पुत्र अमरचन्द, पवन पुत्र भागीरथ व बलकरण उर्फ गोरा पुत्र जरनैल सिंह वहां आए। तीनों ने आते ही गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। उसने भागने की कोशिश की तो तीनों ने रोककर चोटें मारी। इससे उसकी नाक की हड्डी पर चोट लगी। उसने शोर मचाया तो बंदी गोपीराम ढालिया, फौजी व अन्य ने वहां आकर उसे छुड़वाया। इसके बाद उसे जेल प्रशासन की ओर से प्राइवेट वाहन से अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने भादंसं की धारा 341, 323, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एएसआई सुरेश चन्द्र मीणा कर रहे हैं। जंक्शन थाना प्रभारी नरेश गेरा के अनुसार घायल बंदी का मेडिकल करवाया गया है। उसके पर्चा बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि मारपीट में घायल बंदी कालूराम उर्फ कालिया हार्डकोर अपराधी है तथा डकैती के मामले में हनुमानगढ़ जिला कारागृह में बंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *