Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

घर के बाहर बैठे युवक पर किया फायर

  • पास में से होकर निकली गोली, हत्या प्रयास का मुकदमा
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन की पारीक कॉलोनी में घर के बाहर बैठे युवक पर बाइक पर सवार होकर आए शख्स ने फायर कर दिया। गनिमत रही कि गोली पास में से होकर निकलने से युवक सकुशल बच गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों के आने पर बाइक सवार मौके से फरार हो गया। उधर, गोली चलने से कॉलोनी में दहशत फैल गई। सूचना पर टाउन पुलिस मौके पर पहुंची। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में एक नामजद व एक अन्य के खिलाफ हत्या प्रयास के आरो में मुकदमा दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार वेयर हाउस में कार्य करने वाले कुबेर कुमार उर्फ गुड्डू (25) पुत्र साधुशरण सविता नाई निवासी पारीक कॉलोनी, गली नम्बर 2, वार्ड नम्बर 33 टाउन ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उसके मकान के पास में जीतू उर्फ जितेन्द्र सोनी पुत्र गोपाल सोनी रहता था। जीतू अपना मकान बेचकर कुछ समय पहले यहां से चला गया। करीब दो साल पहले जीतू के साथ उसकी बोलचाल व झगड़ा हो गया था। जीतू सोनी वगैरा ने उसके साथ मारपीट की थी। इस पर उसने पुलिस थाना में लिखित शिकायत की। बाद में उसमें राजीनामा हो गया। लेकिन जीतू उससे रंजिश रखने लगा। मंगलवार देर शाम वह अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी टीवीएस मोटर साइकिल पर जितेन्द्र उर्फ जीतू व एक अन्य वहां आए और चक्कर लगाकर चले गए। करीब 7.30 बजे वे दोनों फिर आए और अचानक जीतू ने जान से मारने की नियत से उस पर पिस्तौल से फायर कर दिया। गोली उसके पास में से होकर निकल गई। तब उसने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग आ गए। इसी दौरान जीतू उर्फ जितेन्द्र व उसके साथ आया अज्ञात युवक मोटर साइकिल पर सवार होकर भाग गए। उन्होंने पुलिस थाना में सूचना दी। तब पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भादंसं की धारा 307, 34 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उप निरीक्षक संजू रानी कर रही हैं।
    भागते समय गिरकर चोटिल हुआ मुख्य आरोपी
    उधर, टाउन थाना की कार्यवाहक प्रभारी एसआई संजू रानी के अनुसार फायर करने के बाद भागते समय बाइक सवार मुख्य आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू सोनी घटनास्थल से कुछ आगे जाकर गिरकर चोटिल हो गया था। पैर में चोट लगने के कारण वह अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी तफ्तीश की जाएगी। बरामदगी आदि की कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *