पुलिस प्रशासन के खिलाफ किया रोष व्यक्त, एकजुट हो रहे वार्डवासी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन के वार्ड नम्बर 35 व 36 में चल रहे देह व्यापार व नशे के बढ़ते कारोबार सहित अन्य अवैध कार्यांे के खिलाफ वार्डवासी धीरे-धीरे एकजुट हो रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से दोनों वार्डांे के नागरिकों की सांझी संस्था नगर सुधार समिति के बैनर तले लोग अपने वार्डांे में हो रहे अवैध कार्यांे के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार रात वार्डवासियों की ओर से वार्ड नम्बर 35 व 36 में रोष मार्च निकालकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया गया। रोष मार्च में काफी संख्या में पुरुषों के साथ महिलाओं व बच्चों ने हिस्सा लेकर इस मुहिम में सहयोग किया। इस दौरान वार्डवासियों का आरोप था कि उनके मोहल्ले में सरेआम अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। लम्बे समय वेश्यावृत्ति की जा रही है। नशीले कैप्सूल की बिक्री होती है। अवैध रूप से शराब बेची जाती है। मोहल्ले के बच्चे बिगड़ रहे हैं। कई बार पुलिस थाना में लिखित शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की मिलीभगती से यह सब हो रहा है। इसका खामियाजा वार्ड के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। किसी मां का बेटा नशे की गर्त में धंस रहा है तो किसी का पति शराब पीकर अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहा है। नशा करने वाले मोहल्ले के 18-19 साल के युवक मौत की कगार पर पहुंच चुके हैं। बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। दूसरे मोहल्लों के लोग उन्हें ताने मारते हैं कि वे ऐसे मोहल्लों में क्यों रह रहे हैं। उनका कहना था कि अगर पुलिस कार्रवाई करती तो आज जनता को इसके खिलाफ अपनी आवाज बुलंद नहीं करनी पड़ती। मोहल्ले की युवतियों का कहना था कि जब वे कॉलेज या अपनी ड्यूटी करने जाती हैं तो असामाजिक तत्व उन पर अश्लील फब्तियां कसते हैं। इस कारण उन्हें डर-डरकर जीने की मजबूरी है। वार्डवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मोहल्ले में हो रही इन अवैध गतिविधियों पर अगर समय रहते कार्रवाई कर इन्हें बंद नहीं करवाया गया तो मोहल्लेवासी इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर भावना छिम्पा, जमीला बेगम, सुखदेव सिंह, जितेन्द्र भार्गव, अरविन्द, बजरंग सिंह राजपुरोहित, सुभाष कुमार, बहादुर सिंह, बबलू नायक सहित कई नागरिक मौजूद थे।