Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

निजी स्कूल बस चालक को मासूम बालिका से अश्लील हरकतें करने पर सात वर्ष कठोर कारावास की सजा

श्रीगंगानगर। एक निजी स्कूल के बस चालक को 4 वर्षीय बालिका से अश्लील हरकतें करने का आरोप प्रमाणित पाए जाने पर अदालत ने आज 7 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई और 10 हजार का अर्थदंड लगाया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर एक वर्ष की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट) मामलों की विशेष अदालत (संख्या-एक) के न्यायाधीश अमित कड़वासरा ने विगत 10 मई 2019 को स्थानीय महिला थाना में दर्ज हुए प्रकरण का आज निस्तारण करते हुए आरोपी बस चालक विनोद बिश्नोई (38)निवासी चानना धाम,तहसील पदमपुर को यह सजा सुनाई। वह गिरफ्तारी के बाद से न्यायिक हिरासत में था। विशिष्ट लोक अभियोजक गुरचरणसिंह एडवोकेट ने बताया कि स्थानीय पदमपुर मार्ग पर एक कॉलोनी के निवासी शख्स की रिपोर्ट पर महिला थाना में विनोद के खिलाफ बालिका से अश्लील हरकतें करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस शख्स की करीब 4 वर्षीय पुत्री हनुमानगढ़ मार्ग पर जिंदल रिसोर्ट के पीछे वाली मेन रोड पर स्थित गुड शेफर्ड पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी। वह बस से स्कूल जाती और वापस आती थी। इस शख्स का आरोप था कि बस में उसकी पुत्री से चालक विनोद गलत हरकतें करता है। खुद बालिका ने तीन चार बार घर वालों को इस बारे में बताया। इस पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और पोक्सो एक्ट की धारा 9(च)(ड)/10 के तहत प्रकरण दर्ज किया।तत्कालीन थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार सिला ने जांच कर 28 मई को आरोपी के विरुद्ध अदालत में चालान पेश कर दिया। विशिष्ट लोक अभियोजक के अनुसार अदालत में प्रकरण की सुनवाई के दौरान 11 गवाह,15 दस्तावेज साक्ष्य और एक आर्टिकल साक्ष्य के तौर पर पेश किया गया। न्यायाधीशों अमित कड़वासरा ने आज निर्णय देते हुए विनोद बिश्नोई को धारा 354 और पोक्सो एक्ट की धारा 9(एफ)(एम)10 के तहत 7 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई और 10 हजार का अर्थदंड लगाया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर एक वर्ष की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। पीड़िता को प्रतिकर योजना के तहत प्रति कर राशि दिए जाने की अनुशंसा की की गई है।

गुस्साए अभिभावकों ने चालक को पीट डाला था

घटना वाले दिन 10 मई 2019 की सुबह गुड शेफर्ड पब्लिक स्कूल के अंदर-बाहर काफी हंगामा हुआ। बालिका द्वारा बार-बार बताए जाने पर अभिभावक अपने साथ कुछ लोगों को लेकर 10 मई की सुबह गुड शेफर्ड पब्लिक स्कूल के बाहर खड़े हो गए।बालिका को साथ लिए खड़े अभिभावक विनोद के आने का इंतजार करने लगे। वह जैसे ही बस लेकर आया,बालिका ने उसे पहचान लिया। बात करने के बहाने से अभिभावकों ने विनोद बुलाया और फिर धुनाई शुरू कर दी। अचानक मारपीट होने से स्कूल के बाहर हंगामा हो गया।स्कूल कर्मियों में हड़कंप मच गया। कुछ कर्मचारी तथा अन्य लोग विनोद को छुड़वा कर स्कूल के अंदर ले गए। गुस्साए अभिभावक व अन्य लोगों ने स्कूल के एक कार्यालय में घुसकर भी विनोद की काफी पिटाई की। इस मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया।घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने मौके पर जाकर माहौल को शांत किया।घायल विनोद को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके कुछ देर बाद ही पीड़ित बालिका के पिता ने महिला थाना में रिपोर्ट दी, जिस पर मामला दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *