एक स्कूल में तीन दिन में दो बार हुई चोरी
हनुमानगढ़ जिले में संगरिया थाना क्षेत्र के ग्रामीण सरकारी विद्यालयों में चोरियां होने से विद्यालयों के स्टाफ कर्मियों में दहशत फैली हुई है। एक स्कूल में तो तीन दिन में दो बार चोरी हो गई। एक अन्य स्कूल से भी कंप्यूटर चोरी हो गया।स्कूलों के प्रधानाध्यापकों की रिपोर्टों पर अज्ञात चोरों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चक 3- एमजेडी रतनपुरा के प्रधानाध्यापक बलदेवसिंह कंबोजसिख(59) निवासी सेक्टर नंबर 9, वार्ड नंबर 44 हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा दी गई रिपोर्ट पर स्कूल में दो बार अज्ञात लोगों द्वारा चोरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर की शाम को स्टाफ स्कूल बंद करके चला गया। फिर 6 सितंबर को सुबह वापस आया तो कार्यालय, स्टोर रसोई तथा आठवीं कक्षा के कमरों के कुंटे किसी आरी से कटे हुए थे। इन कमरों से साढ़े तीन किंवटल गेहूं और स्टील के 74 गिलास गायब थे।सूचना दिए जाने पर पुलिस ने जाकर जांच पड़ताल की। अभी पुलिस ने मुकदमा दर्ज भी नहीं किया था कि 6-7 सितंबर की रात को फिर इसी स्कूल में चोरी हो गई। इस बार भी चोर आरी से कुंटे काटकर लगभग 4 क्विंटल चावल और बचा हुआ एक किंवटल गेहूं भी ले गए। दूसरी बार चोरी होने पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। फिर निकटवर्ती चक प्रतापनगर मोरजंड सिखान के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में 7- 8 सितंबर की रात को चोरी हो गई। प्रधानाध्यापिका सुचित्रा जाट (40) निवासी वार्ड नंबर 27 संगरिया ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। बाद में रिपोर्ट देते हुए प्रधानाध्यापिका ने बताया कि कार्यालय कक्ष का कुंडा तोड़कर अज्ञात चोर कंप्यूटर सैट चोरी कर ले गए हैं। एक सप्ताह में दो स्कूलों में चोरियां होने स से ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के स्टाफ कर्मियों में दहशत फैली हुई है। सुचित्रा की ओर से दर्ज करवाए गए मुकदमे में पुलिस से आग्रह किया गया है कि सरकारी स्कूलों में चोरी करने वालों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा।प्रताप नगर के स्कूल के आसपास कहीं सीसीटीवी कैमरे नहीं है। अलबत्ता रतनपुरा में मेन रोड पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं पुलिस उनकी फुटेज को चेक कर रही है। पुलिस ने आशंका जताई है कि यह सारी चोरियां एक ही गिरोह द्वारा की गई हैं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती गुलाब सींवर ने रतनपुरा के सरकारी स्कूल का अवलोकन किया। उन्होंने की पुलिस से चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है।