Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव, ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से नामांकन भरा

नई दिल्ली

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा उपचुनाव के लिए भवानीपुर सीट से नामांकन दाखिल किया है। यहां BJP उम्मीदवार प्रियंका टिबरीवाल से उनका मुकाबला होगा। ममता विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से मैदान में उतरी थीं, लेकिन उन्हें BJP उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के हाथों 1,956 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। कानून के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 5 नवंबर से पहले राज्य विधानसभा का सदस्य बनना होगा।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

श्रीनगर में सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड से हमला, एक जवान घायल
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के पीपी चनपोरा के पास आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड से हमला किया। इसमें एक जवान घायल हुआ है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।

UP में कांग्रेस निकालेगी प्रतिज्ञा यात्रा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी UP के दौरे पर हैं। विधानसभा चुनाव लेकर प्रियंका लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर एडवायजरी कमेटी के साथ बैठक कर रही हैं। इसमें प्रदेश अध्यक्ष लल्लू के अलावा 37 पदाधिकारी शामिल हैं। इस बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है। हम वचन निभाएंगे नाम प्रतिज्ञा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा ‘हम वचन निभाएंगे’ नाम से 12 हजार किलोमीटर चलेगी। यात्रा बड़ी ग्राम पंचायतों और कस्बों से होकर गुजरेगी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

राज्यसभा में हंगामे की जांच समिति से कांग्रेस ने किनारा किया
संसद के मानसून सेशन के दौरान राज्यसभा में हंगामे की जांच समिति से कांग्रेस और दूसरी विपक्षी पार्टियों ने किनारा कर लिया है। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभापति को पत्र लिखकर कहा कि यह समिति सांसदों को धमकाने का प्रयास है, ताकि वे चुप रहें। इससे लोगों के प्रतिनिधियों की आवाज दबेगी और सरकार को जो नहीं सुहाता, उसे दरकिनार कर दिया जाएगा। इसलिए 11 अगस्त की घटनाओं की जांच के लिए समिति से कांग्रेस ने दूरी बनाई है।

स्टडी में दावा- वैक्सीनेशन से अस्पताल में भर्ती होने की संभावना कम
कोरोना के खिलाफ वैक्सीन की दोनों डोज लेने से अस्पताल में भर्ती होने की संभावना काफी कम हो जाती है। अमेरिका में करीब 200 अस्पतालों के आंकड़ों की स्टडी में यह खुलासा हुआ है। इसमें बताया गया है कि वैक्सीन से हाई लेवल का प्रोटेक्शन डेवलप होता है। वहीं, भारत सरकार ने वैक्सीनेशन को लेकर गुरुवार को जानकारी साझा की। इसमें बताया गया कि वैक्सीन का पहला डोज लगने के बाद मौत की संभावना 96.6% तक कम हो जाती है। वहीं, दूसरे डोज के बाद आशंका 97.5% तक कम हो जाती है।

राहुल गांधी ने जय माता दी के नारे लगवाए

कांग्रेस नेता राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर के दो दिन के दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि जब भी मैं जम्मू-कश्मीर जाता हूं, मुझे लगता है कि मैं घर आ गया हूं। मेरे परिवार का जम्मू-कश्मीर से पुराना रिश्ता है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि BJP और RSS यहां की मिली-जुली संस्कृति को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही राहुल ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से जय माता दी के नारे लगवाए।

बंगाल विधानसभा उपचुनाव के लिए BJP ने घोषित किए उम्मीदवार
पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव के लिए BJP ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। राज्य में 3 तीन सीटों पर उपचुनाव होना है। भाजपा ने भवानीपुर से प्रियंका टिबरीवाल को टिकट दिया है, जहां उनका मुकाबला ममता बनर्जी से होगा। इसके अलावा BJP ने समसेरगंज से मिलन घोष और जंगीपुर से सुजीत दास को मैदान में उतारा है। प्रियंका को साल 2015 में ‌‌BJP ने कोलकाता नगर निगम इलेक्शन में बॉड नंबर 58 से कैंडिडेट बनाया था, तब उन्हें TMC के स्वपन सम्मादार ने हरा दिया था।

PM मोदी 11 सितंबर को सरदारधाम भवन का लोकार्पण करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 सितंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अहमदाबाद में सरदारधाम भवन का लोकार्पण करेंगे। साथ ही PM मोदी सरदारधाम फेज-II कन्या छत्रालय का भूमि पूजन भी करेंगे। PMO की ओर से यह जानकारी दी गई है।

भड़काऊ बयानबाजी कर फंसे ओवैसी, बाराबंकी में केस
AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मस्लिमीन) के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर UP के बाराबंकी जिले में केस दर्ज किया है। आरोप है कि ओवैसी ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए भड़काऊ भाषण दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी अभद्र बयानबाजी करने का आरोप है। दरियाबाद सीट से भाजपा विधायक सतीश शर्मा ने भावनाएं आहत करने की शिकायत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *