बिग बॉस 13 विनर सिद्धार्थ शुक्ला के निधन के बाद से ही उनके अंतिम संस्कार के कुछ वीडियोज लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिनमें शहनाज गिल पर भीड़ उमड़ती नजर आ रही है। सुयश राय, गौहर खान, अनुष्का शर्मा, साकिब सलीम, दिशा परमार, जरीन खान, हुमार कुरैशी जैसे कई सेलेब्स ने पैपराजी के इस व्यवहार की निंदा की थी जिसके बाद अब शेफाली ने भड़कते हुए इस पर रिएक्शन दिया है।
शेफाली जरिवाला ने हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा, ये देखकर बहुत गुस्सा आ रहा था कि किस तरह से लोग उसका पीछा कर रहे थे। लोगों को उसकी कंडीशन देखनी चाहिए थी। ये देखकर मेरा दिल टूट रहा था। ये सही नहीं था। शहनाज और सिद्धार्थ की मां, बहनें शोक बना रही थीं, आप लोगों को उन्हें जगह और प्राइवेसी देनी चाहिए थे। ये तो एक बेसिक सहानुभूति है, दया कहां है। मैं रेटिंग और बाकी बातें समझती हूं पर इस कीमत पर नहीं।
सिद्धार्थ बहुत प्राइवेट इंसान थे- शेफाली
सिद्धार्थ की बिग बॉस 13 में को- कंटेस्टेंट रह चुकीं शेफाली ने आगे कहा, ये बहुत ही डिस्टर्ब कर देने वाला था। और ये जानना कि सिद्धार्थ और उनका परिवार बेहद प्राइवेट रहना पसंद करते हैं। उनकी मां बहुत प्राइवेट रहती हैं ऐसे में उसकी मौत का यूं तमाशा बनते देखना मेरे लिए बहुत डिस्टर्ब करने वाला था। सिद्धार्थ कभी ऐसा नहीं चाहते। उनके अंतिम संस्कार में सर्कस चल रहा था।
बता दें कि शेफाली जरिवाला 3 सितम्बर को ओशिवारा श्मशान घाट में सिद्धार्थ शुक्ला के अंतिम संस्कार में शामिल हुई थीं। इसके अलावा शेफाली 2 सितम्बर को एक्टर के परिवार से मिलने उनके घर भी पहुंची थीं।