श्रीगंगानगर । सादुलशहर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने आज सुबह अपने घर में ही फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इस युवती ने कल ही बीएड की परीक्षा दी थी। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव अमरगढ़ के सरपंच ने आज दोपहर लगभग 11 बजे एक युवती द्वारा घर में फांसी लगा लेने की सूचना दी। मौके पर गए एएसआई रणवीर सुथार ने बताया कि पूजा नायक (19)का शव घर के एक कमरे में दुपट्टे से बनाए हुए फंदे पर लटक रहा था। उस समय घर में कोई नहीं था। बाद में उसके पिता श्रवण, मां और छोटे भाई बहन आए। श्रवण सादुल शहर में किसी व्यापारी के यहां ड्राइवरी का काम करता है। वह सुबह 8:30 बजे काम पर चला गया।पूजा की मां मनरेगा की मजदूर है। वह भी मजदूरी करने चली गई। छोटे भाई बहन स्कूल चले गए। पड़ोस में ही पूजा की मौसी रहती है, जो करीब 10:30 बजे किसी काम से उसके घर आई तो पूजा का शव लटके देखकर शोर मचाने लगी।बाद में गांव के काफी लोग इकट्ठे हो गए।सरपंच की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक पूजा ने कल ही बीएड की परीक्षा दी थी। इसके बाद वह गुमसुम रहने लगी थी। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का कारण संभवत: परीक्षा सही नहीं होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पिता श्रवण की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम करने के बाद लाश परिवार वालों को सौंप दी गई।