हनुमानगढ़ जिले में संगरिया थाना क्षेत्र में सरकारी स्कूलों में चोरियां करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रीति जैन ने बताया कि बबलू उर्फ कुलदीप रायसिख (21) निवासी वार्ड नंबर 2 तथा सुल्तान उर्फ मोनू बाबा (26) निवासी वार्ड नंबर 1, संगरिया को गिरफ्तार किया गया है। पिछले सप्ताह संगरिया कस्बे के नजदीक 3-एमजेडी रतनपुरा के सरकारी स्कूल में लगातार दो रातों को चोरी हो गई थी। स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर काफी मात्रा में गेहूं,चावल और बर्तन आदि सामान चोरी कर लिया गया था। प्रधानाध्यापक बलदेवसिंह ने मुकदमा दर्ज करवाया था। इसके अलावा थाना क्षेत्र के गांव मोरजंड सिखान के सरकारी स्कूल में भी अगली रात को चोरी हो गई थी, जहां से कार्यालय कक्ष का ताला तोड़कर कंप्यूटर से उड़ा लिया गया था। प्रधानाध्यापिका सुमित्रा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रतनपुरा सरकारी स्कूल से चोरी किए गए सामान में से एक किंवटल 33 किलो गेहूं और 1 किंवटल 18 किलो चावल बरामद कर लिए गए हैं। अन्य सामान को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। चोरी की वारदातों में अर्शदीप उर्फ अर्शी निवासी मोरजंड सिखान भी शामिल है, जिसकी तलाश की जा रही है।