श्रीगंगानगर से चंडीगढ़ जा रही थी लग्जरी बस
लुधियाना से आगे हाईवे पर खंट-मानपुर के बीच हुआ हादसा
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर से चंडीगढ़ जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल्स कंपनी की बस पंजाब के लुधियाना से आगे रात को सड़क किनारे खड़े पंजाबी फिल्म कलाकारों और फिल्म शूटिंग टीम के वाहनों से टकरा गई। इस भीषण हादसे में तीन वैनिटी वैन,बस और एक बोलेरो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। लग्जरी बस के यात्रियों के मामूली चोटें आईं।फिल्मी कलाकारों की वैनिटी वैन और बोलेरो जीप में तब कोई नहीं था। सभी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे। मगर इन वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर से एक प्राइवेट ट्रैवल्स कंपनी की बस रोजाना रात 10 बजे चंडीगढ़ को रवाना होती है।,यह बस परसो शनिवार रात को भी रवाना हुई तब इसमें करीब 50 यात्री थे। रविवार तड़के लगभग 4 बजे यह बस लुधियाना से चंडीगढ़ पर जा रही थी। उसी दौरान हाईवे पर खंट-मानपुर के बीच एक पंजाबी फिल्म ैकली-जोटा’ की शूटिंग भी चल रही थी। इस फिल्म के कलाकार गायक एवं अभिनेता सतिंदर सरताज और पंजाबी फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री नीरू बाजवा सहित अनेक कलाकार गांव के नजदीक स्कूल में शूटिंग कर रहे थे। इस कारण कुछ दिनों से पास में ही हाइवे रोड पर साइड में इन कलाकारों की तीन वैनिटी वैन और शूटिंग टीम के अन्य वाहन भी खड़े थे। इस हाइवे पर संघोल पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार के अनुसार श्रीगंगानगर की निजी बस की टक्कर हो जाने से तीन वैनिटी वैन, एक बोलेरों और बस क्षतिग्रस्त हो गई। निजी बस में लगभग 50 यात्री थे, लेकिन किसी के कोई गंभीर चोट नहीं आई। यह हादसा होने से कुछ मिनट पहले ही सतिंदर सरताज वैनिटी वैन से शूटिंग के लिए स्कूल में चले गए थे।यह गांव प्रसिद्ध गायक, गीतकार एवं अभिनेता बब्बू मान का पैतृक गांव है, जो बिल्कुल हाईवे पर है। हादसे से कुछ ही समय पहले सतिंदर सरताज वैनिटी वैन से निकलकर शूटिंग सेट पर पहुंचे थे। इसलिए वे भी बाल-बाल बच गए। इधर, श्रीगंगानगर में प्राइवेट बस कंपनी के कार्यालय से बताया गया कि जब यह हादसा हुआ,तब वहां बारिश हो रही थी। बारिश की वजह से बस स्लिप कर गई। चालक गुरविंदरसिंह बस को संभाल नहीं पाया। गनीमत रही कि किसी यात्री के चोट नहीं आई,जिन वाहनों से बस टकराई,उनमें तब कोई नहीं था।सब शूटिंग में व्यस्त थे।