एक्टर सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अंतिम: द फाइनल ट्रूथ’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। अब खबर सामने आ रही है कि इस फिल्म को दशहरा के अवसर पर रिलीज किया जाएगा। सुत्रों के मुताबिक, मेकर्स अगले हफ्ते फिल्म का एक नया पोस्टर और ट्रेलर रिलीज करने वाले हैं। इसके साथ ही वे फिल्म को दशहरा के अवसर पर 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज करने की ऑफिशियल अनाउंसमेंट भी करेंगे। हाल ही में गणेश चतुर्थी के मौके पर फिल्म का पहला गाना ‘विघ्नहर्ता’ रिलीज किया गया था। इस फिल्म में सलमान के अलावा उनके बेहनोई आयुष शर्मा भी लीड रोल निभा रहे हैं। इस एक्शन थ्रिलर फिल्म का निर्देशन महेश मांजरेकर ने किया है। ‘अंतिम’ मराठी फिल्म ‘मुलशी पैटर्न’ की हिन्दी रीमेक है। इसे देशभर में पांच भाषाओं हिन्दी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और उड़िया में रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म ‘सलमान खान फिल्म्स’ द्वारा प्रस्तुत और सलमा खान द्वारा निर्मित है।
फरदीन खान ‘विस्फोट’ से 11 साल बाद बॉलीवुड में कर रहे हैं वापसी
एक्टर फरदीन खान 11 साल बाद बॉलीवुड में वापसी करने जा रहे हैं। इस बात को अब फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने कंफर्म कर दिया है। उन्होंने बताया है कि फरदीन उनकी अपकमिंग फिल्म ‘विस्फोट’ से कमबैक करेंगे। इस फिल्म का निर्देशन संजय गुप्ता ही करेंगे। फिल्म में फरदीन खान के अलावा रितेश देशमुख भी मुख्य भूमिका में हैं। फरदीन आखिरी बार 11 साल पहले फिल्म ‘दूल्हा मिल गया’ में नजर आए थे। उनकी यह कमबैक फिल्म ‘विस्फोट’ वेनुजुएला की 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘रॉक, पेपर, सिजर्स’ का ऑफिशल हिंदी रीमेक है। इस फिल्म ने 85वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म का अवॉर्ड जीता था। संजय गुप्ता ने कहा, “हां, फरदीन एक बार फिर बॉलीवुड में वापसी करने जा रहे हैं। अगर सब कुछ प्लान के हिसाब से चला तो हम इस महीने के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे। फरदीन और रितेश ने स्क्रिप्ट पढ़ ली है और उन्हें यह बेहद पसंद आई है। अभी कुछ पेपरवर्क चल रहा है और हम इस फिल्म के लिए तैयार हैं।”
नुसरत भरूचा की हॉरर फिल्म ‘छोरी’ का पहला मोशन पोस्टर रिलीज
एक्ट्रेस नुसरत भरूचा की अपकमिंग हॉरर फिल्म ‘छोरी’ का पहला मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। नुसरत ने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म से अपना फर्स्ट लुक मोशन पोस्टर फैंस के साथ शेयर किया है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “डर का एक नया चेहरा हमें डराने आ रहा है। ‘छोरी’ नवंबर में ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।” यह फिल्म पॉपुलर मराठी फिल्म ‘लापाछापी’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म में नुसरत भरूचा के साथ मीता वशिष्ठ, राजेश जायस, सौरभ गोयल और यानिया भारद्वाज जैसे कलाकार भी नजर आने वाले हैं। यह नुसरत भरूचा की पहली हॉरर मूवी है और इस फिल्म का डायरेक्शन विशाल फुरिया ने किया है। भूषण कुमार, कृष्णन कुमार, विक्रम मल्होत्रा, जैक डेविस और शिखा शर्मा इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं।
शाहरुख की अपकमिंग फिल्म गैरकानूनी इमिग्रेशन पर होगी आधारित
शाहरुख खान काफी समय से डायरेक्टर राजकुमार हिरानी की अपकमिंग फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। अब इस फिल्म की कहानी को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख और राजकुमार की यह फिल्म गैरकानूनी इमिग्रेशन के मुद्दे पर बेस्ड होगी। अभी इस फिल्म का टाइटल निर्धारित नहीं किया गया है। यह फिल्म डंकी फ्लाइट पर केंद्रित होगी। जब आप किसी देश की सीमा में गैरकानूनी तरीके से प्रवेश करते हैं, तो उसे डंकी फ्लाइट कहा जाता है। पंजाब में यह शब्द काफी प्रचलित है। यह फिल्म भी पंजाब की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह एक ऐसे पंजाबी शख्स की कहानी होगी, जो कनाडा में बसना चाहता है। फिल्म में उस शख्स की संघर्षपूर्ण जर्नी को दिखाया जाएगा। इस फिल्म में यह भी दिखाया जाएगा कि कैसे ट्रैवल एजेंसियां विदेशों में बेहतर जीवन की तलाश कर रहे युवाओं को लुभाने के लिए अपने जाल में फंसाती हैं। पंजाब जैसे राज्य में यह समस्या अधिक जटिल है। सूत्र का कहना है कि इस फिल्म की शूटिंग मई 2022 में शुरू हो सकती है। खबरों की मानें तो फिल्म में तापसी पन्नू भी मुख्य भूमिका में नजर आ सकती हैं। हालांकि, अभी उन्होंने यह फिल्म साइन नहीं की है। हाल ही में फिल्म की स्क्रिप्ट को भी तैयार कर लिया गया है। राजकुमार और उनकी राइटिंग पार्टनर कनिका ढिल्लों ने फिल्म की पटकथा तैयार की है। इस फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम भी शुरू किया जा चुका है।

साजिद नाडियाडवाला ने बताया-बंद नहीं हुई है सलमान खान की ‘कभी ईद कभी दिवाली’
बीते दिनों सोशल मीडिया पर यह खबर आई थीं की फिल्ममेकर साजिद नाडियाडवाला और सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘कभी ईद कभी दिवाली’ ठंडे बस्ते में चली गई है। लेकिन, अब खबर आ रही है कि यह फिल्म बंद नहीं हुई है। फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सलमान इस फिल्म को बंद करने वाले हैं। वे अपनी पिछली फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वॉन्टेड भाई’ के फ्लॉप होने के कारण अब इस फिल्म को बंद कर रहे हैं। इस फिल्म के प्रोडक्शन हाउस नाडियाडवाला मूवीज ने पोस्ट शेयर कर इन खबरों को गलत बताया है। प्रोडक्शन हाउस ने पोस्ट शेयर कर लिखा, “हम इस तरह की बकवास खबरों को खारिज करते हैं। फिल्म के लिए सेट बनाया जा चुका है और गाने भी रिकॉर्ड किए जा चुके हैं। फिल्म की शूटिंग दो महीने के भीतर शुरू हो जाएगी।” इस फिल्म में सलमान के साथ पहली बार पूजा हेगड़े के साथ रोमांस करते नजर आएंगे। इस फिल्म की कहानी काफी हद तक सलमान के परिवार से प्रेरित होगी। इस फिल्म में एक ऐसे परिवार की कहानी होगी, जिसमें ईद और दिवाली दोनों त्योहार मनाए जाते हैं। यह फिल्म लोगों को एकता और भाईचारे का संदेश देगी।

2024 में 400 करोड़ रुपए के बजट की एक फिल्म का निर्देशन करेंगे अजय देवगन
अजय देवगन अपनी हालिया रिलीज हुई फिल्म ‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’ को लेकर चर्चा में हैं। अब खबर आ रही है कि अजय 2024 में 400 करोड़ रुपए के बजट की एक फिल्म का निर्देशन करने वाले हैं। फिलहाल, वे इस प्रोजेक्ट की योजना बना रहे हैं। सूत्र ने कहा कि इस प्रोजेक्ट को लेकर चीजें अभी बिल्कुल शुरुआती स्टेज में हैं। यह प्रोजेक्ट कोरोना वायरस की महामारी और सिनेमाघरों के सुचारु रूप से चलने पर भी निर्भर करेगा। अजय काफी समय से इस प्रोजेक्ट के बारे में विचार कर रहे थे। आखिरकार उन्होंने इसकी स्क्रिप्ट को लेकर लेखकों से बातचीत की है। सूत्र ने कहा, “इस समय फिल्म का अनुमानित बजट 400 करोड़ रुपये से अधिक है। यह बजट और भी बढ़ सकता है क्योंकि चीजों को अंतिम रूप देने में फिल्म की लागत बढ़ सकती है।” फिल्म की पटकथा को तैयार करने में कई लेखकों की टीम जुड़ गई है। फिल्म में VFX का खास ध्यान रखा जाएगा। यह बिल्कुल एक पीरियड ड्रामा फिल्म नहीं होगी।

राजकुमार राव ने शुरू की तेलुगु फिल्म ‘हिट’ की हिन्दी रीमेक की शूटिंग
राजकुमार राव पिछले कुछ दिनों से तेलुगु फिल्म ‘हिट’ की हिन्दी रीमेक को लेकर सुर्खियों में हैं। अब इस फिल्म से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि राजकुमार ने इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। इस थ्रिलर एक्शन फिल्म में उनके साथ सान्या मल्होत्रा भी नजर आएंगी। राजकुमार ने रविवार को इस फिल्म की शूटिंग शुरू की है। फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने इस संबंध में जानकारी साझा की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “राजकुमार और सान्या अभिनीत ‘हिट’ की हिन्दी रीमेक का मुहूर्त शॉट आयोजित किया गया था। इस हिन्दी रीमेक का निर्देशन डॉ शैलेश कोलानु करेंगे, जिन्होंने इसकी ऑरिजनल फिल्म का भी निर्देशन किया था।” साथ ही तरण ने अपने पोस्ट में एक तस्वीर भी शेयर की है। भूमि पेडनेकर के साथ अपनी फिल्म ‘बधाई दो’ की शूटिंग खत्म करने के बाद राजकुमार ने इस फिल्म की शूटिंग शुरू की है। तेलुगु फिल्म ‘हिट’ 2020 में रिलीज हुई थी। इसमें विश्व सेन और रूहानी शर्मा को मुख्य भूमिका में देखा गया था। यह फिल्म एक पुलिस वाले के बारे में है, जो एक लापता महिला का पता लगाने में जुटा होता है। ‘हिट’ की हिन्दी रीमेक को भूषण कुमार, दिल राजू, कृष्ण कुमार और कुलदीप राठौर प्रोड्यूस करने वाले हैं।