Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पत्नी को जमीन देकर फिर मामो को बेच दी

धोखाधड़ी के आरोप में युवक और उसका पिता गिरफ्तार
श्रीगंगानगर।
पुलिस ने एक युवक और उसके पिता को जमीन के मामले में धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 2 वर्ष पहले सीमावर्ती गजसिंहपुर थाना में एक महिला सिमरजीतकौर ने अपने पति हरमीतसिंह तथा ससुर सर्वजीतसिंह पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया था। इस मुकदमे की जांच फिलहाल केसरीसिंहपुर थाना प्रभारी गोपालसिंह नाथावत कर रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आज हरमीतसिंह और सर्वजीतसिंह निवासी चक 27-एफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि हरमीतसिंह की शादी अमरसिंहवाला निवासी सिमरजीतकौर के साथ हुई थी। शादी के 8-9 वर्ष बाद सिमरजीत कौर के कोई औलाद नहीं हुई तो हरमीतसिंह ने उससे अलग होने का फैसला कर लिया। पारिवारिक समझौते के तहत हरमीतसिंह और उसके पिता सर्वजीतसिंह ने सिमरजीतकौर को 6 बीघा कृषि भूमि अपनी गुजर-बसर के लिए उपहार के तौर पर दे दी। इसकी बकायदा स्टांप पेपर पर लिखा पढ़ी की गई।सिमरजीतकौर का आरोप है कि कुछ ही दिनों उसे पता चला कि यही जमीन हरमीतसिंह ने अपने दो मामो को बैक डेट में बेच दी है। मामों ने जमीन पर कथित रूप से कब्जा करने के प्रयास शुरू कर दिए।तब यह मामला उजागर हुआ और थाने में पहुंचा। थाना प्रभारी ने बताया कि अपने खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे में राहत पाने के लिए पिता-पुत्र ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। हाईकोर्ट का स्टे होने के कारण इनकी गिरफ्तारी नहीं की जा सकी। पिछले दिनों हाईकोर्ट का स्टे हट गया। तब इन दोनों को गिरफ्तार किया गया है।आगे मामले की जांच जारी है। धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *