मृतकों में दो सगे भाई, शादी सादगी से हुई
श्रीगंगानगर। जिले में दूरवर्ती रावला थाना क्षेत्र में आज बड़े तड़के एक युवक की बारात रवाना होने से 2-3 घंटे पहले एक भीषण दुर्घटना में कार में सवार तीन युवकों की मौत हो गई। कार पेड़ से टकराकर जोहड़ में गिरी गई। लोगों ने जब युवकों को बाहर निकाला, उनकी मौत हो चुकी थी। इन युवकों की मौत से विवाह की खुशियां मातम में बदल गई। इस क्षेत्र में मरघटी सन्नाटा पसर गया। मृतकों में दूल्हे का बहनोई तथा उसके दो रिश्तेदार शामिल हैं। मृतकों की पहचान समेजा कोठी थाना क्षेत्र में चक 7-एपीडी भातीवाला निवासी आत्माराम(28) रावला के नजदीक चक 9- पीएसडी निवासी रामजीलाल( 36) और उसके भाई कालूराम(41) के रूप में हुई है। तीनों का आज दोपहर बाद उनके गांवों में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रावला कस्बे से लगभग 5 किमी दूर रावला गांव में सुल्तानराम बावरी के पुत्र मुकेश कीबारात आज धूमधाम पूर्वक पदमपुर के निकट एक गांव जानी थी। इस उपलक्ष में रिश्तेदार और परिचित सुल्तानराम बावरी के यहां दो-तीन दिन से आए हुए थे। इनमें सुल्तान के भाई पूर्णराम का दामाद आत्माराम सपरिवार आया हुआ था। चक 9-पीएसडी निवासी रामजीलाल रिश्ते में आत्माराम का बहनोई है। कालूराम तथा रामजीलाल सगे भाई हैं।यह तीनों कल रात मारुति स्विफ्ट कार में रावला आए हुए थे। रात लगभग 12:30 बजे रावला में खा-पीकर कार द्वारा वापिस रावला गांव रवाना हुए क्योंकि 2-3 घंटे बाद मुकेश की बारात पदमपुर के नजदीक एक गांव को रवाना होने वाली थी।
जानकारी के मुताबिक रावला गांव की प्रवेश सीमा पर ही एक बड़ा जोहड़ है, जिसके नजदीक मुख्य रोड पर कीकर का बड़ा पेड़ है। रात्रि 12:45 बजे जब कार यहां से गुजर रही थी, अचानक बेकाबू हो गई। बताया जा रहा है कि अत्यधिक तेज रफ्तार कार पेड़ में टकराने के पश्चात जोहड़ में जा गिरी। जोहड़ में कार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भाग कर आए। गांव के युवाओं ने हिम्मत करके जोहड़ में उतरकर कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मृत्यु हो चुकी थी। तीनों की मौत डूबने से हुई। उस समय सुल्तानराम के घर बारात रवानगी तैयारियां हो रही थीं। इस हादसे के कारण विवाह की खुशियां काफूर हो गईं। घर में कोहराम मच गया। सभी परिवारजन,रिश्तेदार और मेहमान घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।सुल्तानराम के घर परिवार में ही नहीं बल्कि पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलने पर रावला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों मृतकों के शव रावला के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिए।चक 7- एपीडी और चक 9-पीएसडी से मृतक युवकों के अन्य परिवारजन भी कुछ ही देर में रावला गांव पहुंच गए।
सुबह सवेरे दूल्हे मुकेश को चंद करीबी परिवारजनों के साथ विवाह के लिए रवाना किया गया। पदमपुर के नजदीक एक गांव में उसका विवाह बहुत ही सादगीपूर्ण माहौल में हुआ,जिसके तुरंत बाद यह चंद बाराती दुल्हन को लेकर वापिस रावला गांव रवाना हो गए। उधर, पुलिस ने तीनों युवकों के शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिए हैं।इस संबंध में थाने में मामला दर्ज किया गया है। अनूपगढ़ के डीएसपी जयदेव सिहाग ने घटनास्थल का निरीक्षण किया उन्होंने गांव वालों से हादसे के बारे में पूछताछ भी की।