Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुलिस की गश्त व्यवस्था की खुली पोल

शहर के हृदयस्थल पर स्थित दुकान से लाखों की कीमत के मोबाइल फोन चोरी

  • 8 से 10 लाख रुपए बताई जा रही चोरी हुए मोबाइल फोन की कीमत, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में नजर आए तीन जने
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)
    । जंक्शन शहर का हृदयस्थल शहीद भगतसिंह चौक, जहां पुलिस 24 घण्टे खाकी का पहरा रहने का दावा करते नहीं थकती, उसी जगह के पास स्थित मोबाइल फोन की दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपए कीमत के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस की नाक नीचे हुई चोरी की इस बड़ी वारदात ने पुलिस के दावों की पोल खोलकर रख दी। चोरी हुए मोबाइल फोन की कीमत करीब 9 से 10 लाख रुपए बताई जा रही है। अज्ञात चोरों ने ताले तोड?े की बजाए शटर को बीच में से ऊपर उठाया और वारदात को बड़े आराम से अंजाम देकर फरार हो गए। चोरों की यह वारदात दुकान के अन्दर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कैद हो गई। फुटेज में तीन जने नजर आ रहे हैं। शुक्रवार सुबह घटना का पता चलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। जानकारी के अनुसार जंक्शन के हृदयस्थल भगतसिंह चौक के नजदीक बस स्टैंड रोड पर मोबी केयर के नाम से मोबाइल फोन की दुकान है। गुरुवार रात्रि को संचालक व कर्मचारी दुकान बंद कर घर चले गए। शुक्रवार सुबह दुकान संचालक नीरज बत्रा दुकान पर पहुंचा तो बीच में से शटर ऊपर उठा देख पैरों तले जमीन खिसक गई। शटर के दोनों ताले सही-सलामत लगे हुए थे। ताले खोलकर शटर ऊपर उठाया तो अन्दर सामान बिखरा हुआ था तथा नए महंगे मोबाइल फोन गायब थे। सार-सम्भाल की तो करीब 70 से 90 मोबाइल फोन नहीं मिले। दुकान में चोरी होने का पता चलते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कम्प मच गया। दुकान के सामने भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर जंक्शन पुलिस थाना से एसआई शैलेश चन्द व एएसआई शिवनारायण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान के अन्दर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें नजर आया कि रात्रि करीब 2 बजे तीन अज्ञात जने दुकान के बाहर आए। इन्होंने शटर बीच में से ऊपर उठाया। काले रंग का मास्क पहने एक जना दुकान में घुसा। दो जने दुकान के बाहर बैठे निगरानी करते रहे। दुकान के अन्दर घुसे शख्स डिब्बों में बन्द मोबाइल फोन निकालकर अपने साथ लाए बैग में डालने लगा। करीब 4.30 बजे तीनों जने वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से भाग गए। दुकान संचालक नीरज बत्रा के अनुसार चोरी हुए 70 से 90 मोबाइल फोन करीब 8 से 10 लाख रुपए कीमत के हैं। कुछ नकदी भी चोरी हुई है। उधर, शहर के हृदयस्थल पर स्थित मोबाइल फोन की दुकान में चोरी की वारदात होने से दुकानदारों में रोष फैल गया। मौके पर एकत्रित मोबाइल फोन विक्रेताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई तथा चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा करने की मांग की। दुकान संचालक की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए जंक्शन पुलिस थाना में परिवाद सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *