नई दिल्ली
एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) ने भारत की GDP ग्रोथ के अनुमान में कटौती की है। ADB ने कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर से हुए नुकसान के चलते फाइनेंशियल ईयर 2021-22 के लिए GDP ग्रोथ का अनुमान घटाकर 10% कर दिया है। इससे पहले ADB ने GDP ग्रोथ 11% रहने का अनुमान लगाया था। ADB के मुताबिक कोरोना अनुमान के मुकाबले ज्यादा तेजी से काबू में आया है।
कोरोना अनुमान के मुकाबले ज्यादा तेजी से काबू में आया
ADB ने अपने लेटेस्ट इकोनॉमिक आउटलुक में कहा कि फाइनेंशियल ईयर 2021-22 के लिए भारत के ग्रोथ आउटलुक में बदलाव किया है। इस साल मई में कोविड-19 संक्रमण के मामले बढ़ने के कारण ऐसा किया गया। ADB ने कहा कि हालांकि कोरोना अनुमान के मुकाबले ज्यादा तेजी से काबू में आ गया, जिसके चलते कई राज्यों ने लॉकडाउन में ढील दी और हालात तेजी से सामान्य हुए।
3 तिमाहियों में अर्थव्यवस्था में तेजी की उम्मीद
एशियाई डेवलपमेंट आउटलुक अपडेट (ADOU) 2021 में कहा गया है कि फाइनेंशियल ईयर 2021-22 की बची हुई 3 तिमाहियों में अर्थव्यवस्था में तेजी की उम्मीद है और इसके पूरे फाइनेंशियल ईयर में 10% की दर से बढ़ने की उम्मीद है। जबकि फाइनेंशियल ईयर 2022-23 में यह दर 7.5% रह सकती है। इससे पहले अप्रैल में ADB ने फाइनेंशियल ईयर 2021-22 के दौरान 11% की दर से ग्रोथ का अनुमान जताया था।
सरकारी खर्च, एक्सपोर्ट का अहम रोल
रिपोर्ट में भारत के बारे में कहा गया है कि भारतीय इकोनॉमी में कंजम्प्शन धीरे-धीरे बढ़ेगा। सरकारी खर्च और एक्सपोर्ट फाइनेंशियल ईयर 2021-22 में ग्रोथ को सपोर्ट करेंगे, जैसा कि पिछले फाइनेंशियल ईयर के दौरान देखने को मिला था।
साउथ एशिया में ग्रोथ आउटलुक अलग-अलग होगा
रीजन के बारे में रिपोर्ट का कहना है कि पूरी साउथ एशिया में ग्रोथ आउटलुक अलग-अलग होगा। साउथ एशिया में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल के मुकाबले इस साल इस रीजन में ग्रोथ धीमी रहेगी। हालांकि, अगले साल से इसके रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।
चीन में मजबूत रहेगी ग्रोथ
ADB के मुताबिक चीन की ग्रोथ मजबूत रहेगी। 2021 में चीन की GDP ग्रोथ के अनुमान को 8.1% पर बरकरार रखा गया है। 2022 में यह 5.5% रह सकती है। एक्सपोर्ट की जबरदस्त परफॉर्मेंस और 2021 की दूसरी छमाही में ग्रोथ को ट्रैक पर लाने के मद्देनजर फिस्कल सपोर्ट बनाए रखने से चीन की इकोनॉमी में मजबूती बनी रहेगी।
IMF ने भी 3% घटाया था ग्रोथ रेट
इससे पहले इंटरनेशनल मॉनेटरे फंड ने फाइनेंशियल ईयर 2021-22 के लिए भारत के ग्रोथ रेट के अनुमान को 12.5% से घटाकर 9.5% कर दिया था। IMF ने कोरोना की दूसरी लहर के बाद दुनिया में अपने ग्रोथ रेट के अनुमान को भारत के लिए सबसे ज्यादा घटाया था।