Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

प्रदेश में सियासी घमासान में सक्रिय हुई आप श्रीगंगानगर से आज करेगी राजनीति की नई पारी का आगाज

पंजाब की तर्ज पर बनाई गई है रणनीति
श्रीगंगानगर।
आम आदमी पार्टी ने अब राजस्थान पर अपना फोकस कर लिया है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी जमीनी स्तर पर शुरू कर दी है। श्रीगंगानगर के समीप मटीली राठान गांव में कल रविवार को होने वाली राज्यसभा सांसद और राजस्थान प्रभारी संजयसिंह की रैली व सभा को इसी नजरिए से देखा जा रहा है।खास बात यह है कि संभाग स्तर पर होने वाले इस सम्मेलन में 10 हजार से अधिक लोगों व किसानों के जुटने का दावा किया जा रहा है। इसके लिए आम आदमी पार्टी से जुड़े प्रदेश के पदाधिकारी और महिला विंग की कार्यकर्ता एक सप्ताह से इस क्षेत्र में अपना डेरा डाले हुए हैं। विभिन्न प्रचार-प्रसार के तरीकों से स्थानीय लोगों को सम्मेलन में आने का निमंत्रण दिया जा रहा है।पार्टी की महिला विंग की कार्यकर्ता जहां आम लोगों को पीले चावल बांटकर इस सम्मेलन में आने का न्यौता दे रही हैं, तो वहीं अन्य पदाधिकारी कॉलोनियों में घूमकर पार्टी के इस कार्यक्रम का प्रचार कर रहे हैं।

श्रीगंगानगर में ही पहली सभा क्यों?

आम आदमी पार्टी ने अपने पहले संभाग स्तरीय सम्मेलन जिसे किसान न्याय सभा नाम दिया है, उसके लिए श्रीगंगानगर ही क्यों चुना, यह भी अपने आप में चर्चा का विषय है। पंजाब में आम आदमी पार्टी मुख्य विपक्षी दल के रूप में काम कर रही है।कुछ माह बाद पंजाब में चुनाव भी होने हैं।लिहाजा, इस दृष्टि से आप पार्टी के लिए श्रीगंगानगर जिला काफी महत्वपूर्ण है। श्री गंगानगर से 5 किमी दूर साधुवाली से पंजाब की अंतराज्यीय सीमा है। मटीली राठान (श्रीगंगानगर) में संभाग स्तरीय सभा रखने से पार्टी को दो फायदे होंगे।पहला फायदा पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रचार-प्रसार का काम यहां से ही हो जाएगा, क्योंकि श्रीगंगानगर जिले के अधिकतर परिवारों के रिश्तेदार पंजाब में ही रहते हैं।इसका फायदा आम आदमी पार्टी को न केवल पंजाब, बल्कि राजस्थान में भी मिलेगा।वहीं, कृषि प्रधान श्रीगंगानगर जिला किसान बाहुल्य है। मेरी खुशी कानूनों के खिलाफ सुख किसान मोर्चा के चल रहे देशव्यापी आंदोलन में इस जिले के लगभग आधा दर्जन किसान संगठन बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। यहां के किसानों की जागरूकता और सक्रियता को आम आदमी पार्टी अपने पक्ष में भुनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही। इसीलिए कल की सभा को किसान न्याय सम्मेलन नाम दिया गया है।ऐसे में सभा में अधिकतर किसानों के शामिल होने की संभावना है.

फूट में दिख रही है सियासी जमीन

राजस्थान की सियासत में पिछले 2 साल से जो बवंडर आया है, उसमें कांग्रेस उलझ रही है तो वहीं भाजपा के भीतर भी खेमेबाजी कम नहीं है। राजस्थान में मौजूदा सरकार पर पिछले साल आए सियासी संकट के बाद से ही राजस्थान में आम आदमी पार्टी ने अपनी सक्रियता बढाना शुरू कर दी थी।आप नेताओं को लगता है कि आने वाले दिनों में राजस्थान में दो दलीय व्यवस्था खत्म होगी, जिसके चलते अन्य राजनीतिक दलों को प्रदेश की जनता आगे बढ़ने का मौका देगी,क्योंकि आम आदमी पार्टी की दिल्ली में सरकार है और वहां भाजपा और कांग्रेस दोनों को आप ने बखूबी टक्कर भी दी है। पंजाब में भले ही कांग्रेस की सरकार हो, लेकिन मुख्य विपक्षी दल के रूप में वहां आम आदमी पार्टी का ही दबदबा है। अब कुछ ऐसा ही सियासी करिश्मा आम आदमी पार्टी के नेता राजस्थान में भी करना चाहते हैं, जिसकी तैयारी इन संभाग स्तरीय सम्मेलनों से शुरू की जा रही है.

संभागों में होंगे सम्मेलन,होगा संगठन का विस्तार…

श्रीगंगानगर में होने वाले सम्मेलन के बाद प्रदेश के अन्य संभाग मुख्यालयों पर भी आम आदमी पार्टी इसी प्रकार की रैली और सम्मेलनों का आयोजन करेगी। हालांकि, इसकी तारीखों का भी ऐलान नहीं हुआ। वहीं, पार्टी के प्रदेश सचिव देवेंद्र शास्त्री व प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र गुप्ता के अनुसार संगठन के स्तर पर पार्टी प्रत्येक जिलों में लगातार सक्रियता के साथ आमजन की आवाज बन रही है। फिर चाहे बिजली के बढ़े हुए बिलों का मामला हो या किसानों की कर्जमाफी से जुड़ा मसला।बढ़ती महंगाई से जनता की परेशानी का मामला हो या विकास की धीमी रफ्तार से जुड़ा मुद्दा। इन सभी को पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी जनता के बीच उठा रहे हैं। आप पदाधिकारियों का कहना है कि भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और इनकी सरकारों को जनता ने देख लिया है।इसलिए अब तीसरे विकल्प की तलाश खुद जनता को है और आम आदमी पार्टी यह विकल्प जनता को देगी।

नहीं कर पाई थी ‘आप’ कोई करिश्मा

आम आदमी पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में भी अधिकतर विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करे थे। वहीं, लोकसभा चुनाव में भी कुछ जगह अपना भाग्य आजमाया, लेकिन राजस्थान की जनता ने आम आदमी पार्टी प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद नहीं दिया।पिछले दिनों हुए निकाय व पंचायत राज चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने सियासी मैदान खाली छोड़ दिया, लेकिन अब पार्टी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है क्योंकि आम आदमी पार्टी की नजर आने वाले विधानसभा चुनाव पर है।

किसान न्याय सभा मटीली राठान में होगी

राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा(रीट) की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी की स्थानीय पब्लिक पार्क में प्रस्तावित किसान न्याय सभा का स्थान बदल दिया गया है। अब यह सभा कल रविवार दोपहर 1 बजे से नजदीकी गाँव मटीली राठान में होगी। जिलाध्यक्ष शंकर मेघवाल ने बताया कि जिला प्रशासन से हुई लंबी बातचीत के बाद पार्टी की टीम ने जगह बदलने का फैसला कर लिया ताकि परीक्षार्थियों और प्रशासन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसान न्याय सभा में मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद और पार्टी के राजस्थान प्रभारी संजय सिंह होंगे। प्रदेश सहप्रभारी खेमचंद जागीरदार, प्रदेश सचिव देवेन्द्र शास्त्री, कोषाध्यक्ष तरुण गोयल, सह प्रभारी केशव अग्रवाल, महिला शक्ति अध्यक्ष कीर्ति पाठक सहित पंजाब से आने वाले नेतागण सभा को संबोधित करेंगे।प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र गुप्ता ने बतया कि सभा को सफल बनाने के लिए दस दिनों से कार्यकर्ता श्रीगंगानगर में जन संपर्क अभियान कर रहे हैं। स्थानीय जनता के साथ-साथ इस सभा में बड़ी संख्या में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक भी भाग लेने के लिए मटीली राठान आ रहे हैं। पंजाब से भी पार्टी के कई बड़े नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं के आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *