मुंबई
देशभर के सिनेप्रेमियों और सिनेमाघर चेन के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। इस दशहरा के बाद उनके यहां हिंदी की नई फिल्मों की आमद से ‘दीवाली’ आ सकेगी। ऐसा महाराष्ट्र सर्किट खुलने के चलते होगा, जो अब तक कोविड के मद्देनजर सख्त प्रतिबंध झेल रहे थे। उसका खामियाजा देशभर के सिनेमाघरों को झेलना पड़ रहा था। उन्हें भी अपने यहां चलाने को नई हिंदी फिल्में नहीं मिल रही थीं। वह इसलिए क्योंकि महाराष्ट्र सर्किट सबसे बड़ा है। वहीं से प्रोड्यूसरों को सबसे ज्यादा रिकवरी होती है। वहां सिनेमाघर बंद होने के चलते प्रोड्यूसर अपनी फिल्में रिलीज नहीं कर रहे थे। महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने 22 अक्टूबर से सिनेमाघर खुलने के आदेश दे दिए हैं। ऐसे में अब हिंदी फिल्मों की अनाउंसमेंट और रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। आगाज ‘सूर्यवंशी’ से हो रहा है। वह दीवाली पर पांच नवंबर को रिलीज होगी। रविवार को यशराज ने भी अपनी चार फिल्मों की रिलीज डेट अनाउंस कर दी। इधर, ‘सूर्यवंशी को हॉलीवुड की ‘द इटर्नल्स’ से टकराना होगा। यह ‘एवेंजर्स’ फेम प्रोड्यूसरों की फिल्म है।

हिंदी फिल्मों पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा
ट्रेड पंडित तरण आदर्श के मुताबिक, ‘द इटर्नल्स’ को आप ‘एवेंजर्स’ के स्केल का विस्तार मान सकते हैं। मेरी उनकी टीम से बात हुई है। वो अपनी रिलीज डेट आगे नहीं बढाने वाले। वह इसलिए क्योंकि वह वर्ल्ड वाइड पांच नवंबर को रिलीज कर रहे हैं। अब ‘सूर्यवंशी’ के चलते वह पोस्टपोन नहीं करने वाले। आगे बाकी हॉलीवुड फिल्में भी अपने तय तारीखों पर आने वाली हैं। हालांकि उससे हिंदी फिल्मों पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा।
रोहित शेट्टी की बड़ी और लॉएल फैन फॉलोइंग है
ट्रेड एनैलिस्ट अतुल मोहन एक्सप्लेन करते हैं। वह कहते हैं,’ मल्टीप्लेक्सों की प्राथमिकता हिंदी फिल्में ही रहती हैं। ‘द इटर्नल्स’ जैसे बड़े बजट की फिल्मों से क्लैश की सूरत में हॉलीवुड फिल्मों को दो ही शो मिलते हैं। ‘द इटर्नल्स‘ यकीनन बड़ा टाइटल है। वह सुपरहीरो यूनिवर्स है तो ‘सूर्यवंशी’ कॉप यूनिवर्स है। ‘सूर्यवंशी’ दरअसल एक पोटेंशियल फिल्म है, जो ‘द इटर्नल्स‘ को सही मायनों में टक्कर दे सकती है। वह इस तरह कि यहां अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, कैटरीना कैफ, अजय देवगन की स्टार पावर है। उनकी मैसिव फैन फॉलोइंग है। खुद रोहित शेट्टी की बड़ी और लॉएल फैन फॉलोइंग है। उसके चलते लोग यकीनन आएंगे।‘
‘सूर्यवंशी’ का इंतजार लोग 18 महीनों से कर रहें हैं
प्रोड्यूसर आनंद पंडित के शब्दों में,’ मेरे ख्याल से दर्शक बड़ी स्क्रीन पर फिल्म देखने को बेताब हैं। ‘सूर्यवंशी’ दीवाली पर आ रही है। उस मौके पर पहले भी दो बड़ी फिल्में टकराती रही हैं। यहां ‘द इटर्नल्स’ को पसंद करने वाली ऑडिएंस बेस अलग है। वैसे भी फेस्टिव सीजन पर जितनी ज्यादा फिल्में आएंगी, उतने ज्यादा लोग सिनेमाघरों में आएंगे। ऐसे में, लोगों की पुरानी आदत की वापसी हो जाएगी। ‘सूर्यवंशी’ का इंतजार लोग वैसे भी पिछले 18 महीनों से कर रहें हैं तो एक उत्सुकता का माहौल है लोगों में।
मुझे नहीं लगता कि उसे कोई चुनौती दे सकेगा। ट्रेड एनैलिस्ट राज बंसल एक और पहलू की ओर ध्यान दिलाते हैं। वो अक्षय की दो दो फिल्मों की रिलीज एक्सप्लेन करते हैं। राज कहते हैं,’ अक्षय की ‘सूर्यवंशी’ और ‘पृथ्वीराज’ बनकर तैयार हैं। चूंकि ‘सूर्यवंशी’ 18 महीनों से बनकर तैयार है तो उसे सबसे पहले मौका देना चाहिए।

यशराज ने अनाउंस की फिल्में
यशराज ने भी अपनी चार फिल्मों की रिलीज डेट अनाउंस कर दी है। उनकी ‘बंटी और बबली2’ इसी साल 19 नवंबर को, जबकि ‘पृथ्वीराज’ 21 जनवरी, जयेशभाई जोरदार 25 फरवरी और ‘शमशेरा’ 18 मार्च 2022 को आएगी। इंडस्ट्री जानकारों के हिसाब से महाराष्ट्र खुलने से अब फिल्मों के अनाउंसमेंट की सुनामी आने वाली है।
सब अपनी अपनी रिलीज की तारीखें अनाउंस करेंगे
सिनेपोलिस सिने चेन के प्रमुख देवांग संपत ने कहा,’ सीएम उद्धव ठाकरे के साथ शनिवार को मीटिंग 80 मिनट चली थी। रोहित शेट्टी तारीफ के हकदार हैं। उनकी अगुवाई में यह मीटिंग सफल रही। अभी 20 फिल्में बनकर तैयार हैं, जो महाराष्ट्र खुलने पर रिलीज करने पर बेताब थे। अब वह सब अपनी अपनी रिलीज की तारीखें अनाउंस करेंगे।