एक्ट्रेस शाइनी दोशी इन दिनों टीवी शो ‘पंड्या स्टोर’ में नजर आ रही हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत संजय लीला भंसाली के शो ‘सरस्वतीचंद्र’ से की थी। कुछ दिनों पहले शाइनी को ‘शाइनिंग टीवी एक्ट्रेस ऑफ द ईयर’ का आईकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड भी मिला है। अब हाल ही में बातचीत में शाइनी दोशी ने अपने करियर की शुरुआत, अपकमिंग प्रोजेक्ट्स और अपने ड्रीम रोल से जुड़ी कई बातें शेयर की हैं।
‘सरस्वतीचंद्र’ से डेब्यू के बाद आज करियर को किस तरह से देखती हैं ?
हां मैंने अपने करियर की शुरुआत भंसाली जी के सीरियल ‘सरस्वतीचंद्र’ से की थी और अभी उस बात को 8 साल हो चुके हैं। मैं लकी हूं कि मुझे लगातार काम मिला और हर शो के बाद मेरा ग्राफ पॉजिटिवली आगे बढ़ रहा है। ‘सरस्वतीचंद्र’ मेरे लिए एक लर्निंग लेसन था, जहां पर लोगों ने मुझे काफी सपोर्ट किया। मेरी एक्टिंग को सराहा गया। चूंकि मैं कभी एक्टिंग स्कूल नहीं गई थी तो जो चीजें मैंने सरस्वतीचंद्र को करते हुए सीखीं उसी को लेकर आगे बढ़ी। हर शो से मैंने कुछ नया सीखने, कुछ नया करने की कोशिश की। हर शो और हर सेट पर मेरा नया और अच्छा एक्सपीरियंस रहा है और मेरा नया शो ‘पंड्या स्टोर’ भी काफी अच्छा चल रहा है।
8 सालों से सिर्फ टीवी कर रही हैं, फिल्मों के लिए कोशिश नहीं की ?
अगर मैं सच कहूं तो मुझे 8 साल में फिल्म करने का वक्त ही नहीं मिला। एक-दो बार मैंने कोशिश भी की और ऑडिशन के लिए भी गई पर चीजें सही नहीं हुईं। चूंकि टीवी शो के ऑफर मुझे लगातार मिल रहे थे, तो मैंने लगातार काम करना सही समझा। फिर ऐसा कोई ऑफर भी नहीं आया, जिससे मुझे ऐसा लगा हो कि मुझे यह करना चाहिए और कभी आया भी तो चैनल या प्रोडक्शन के कॉन्ट्रैक्ट के चलते मैं वह नहीं कर पाई। अब मैं तैयार हूं, अभी भी अगर कोई ऑफर आता है, तो मैं फिल्म जरूर करूंगी।
वेब स्पेस में एंट्री करने के बारे में क्या विचार है ?
मैं जरूर वेब सीरीज करना चाहूंगी, पर मेरे लिए कंटेंट और कैरेक्टर तगड़ा होना बहुत जरूरी है। हालांकि, मैंने अभी तक ओटीटी और वेब पर काम नहीं किया है, पर जब भी मुझे लगेगा कि मैं किसी कैरेक्टर को जस्टिफाई कर पाऊंगी तो मैं जरूर काम करना चाहूंगी।
‘पंड्या स्टोर’ के लिए आपकी कास्टिंग कैसे हुई ?
दरअसल, जब मैं ‘सरस्वतीचंद्र’ कर रही थी तो किन्हीं कारणों से भंसाली जी ने बीच में शो छोड़ दिया था और फिर स्फीयर ओरिजिन प्रोडक्शन ने उनकी जगह ले ली। अभी पंड्या स्टोर का प्रोडक्शन भी स्फेयर ओरिजिन प्रोडक्शन ही कर रहा है, तो वो मुझे पहले से जानते थे और एक दिन अचानक उनका कॉल आया कि हमारा एक नया सीरियल आ रहा है, क्या आप करना चाहेंगी। जब मैंने ऑडिशन दिया तो वहां हमारे डायरेक्टर प्रदीप जी थे। उन्होंने टेस्ट के बाद मेरा एक मॉक शूट किया और बोले कि मुझे मेरी ‘धरा’ मिल गई है, तो इस तरह मुझे ‘पंड्या स्टोर’ में काम मिल गया।
अब तक के अपने करियर में टर्निंग पॉइंट किसे मानती हैं ?
मेरा पहला शो ही मेरे लिए टर्निंग प्वॉइंट रहा, क्योंकि उस सीरियल से मुझे लोगों का जो प्यार मिला, एक नई पहचान मिली, वही मेरे लिए बेनिफिशियल रहा। अब ‘पंड्या स्टोर’ वह सीरियल है, जिसके कैरेक्टर को लोग इतना प्यार कर रहे हैं।
आपका कोई ड्रीम रोल है क्या ?
ऐसे बहुत सारे कैरेक्टर्स हैं जो मैं निभाना चाहती हूं, पर क्योंकि मुझे हिस्टोरिक शो देखना पसंद है तो मेरा बहुत मन है कि मुझे कभी कोई वॉरियर वाला कैरेक्टर मिले। मैं एक वॉरियर कैरेक्टर प्ले करना चाहूंगी।