प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी पुलिस हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गुणज्ञान क्रेडिट को-आॅपरेटिव सोसायटी के नाम से फर्जी कंपनी खोलकर लोगों की ओर से जमाई करवाई गई खून-पसीने की कमाई लेकर फरार होने के संबंध में टाउन पुलिस थाना में दर्ज हुए तीन मुकदमों की जांच में पुलिस टीम जुटी है। मामले की जांच कर रहे एएसआई कृष्ण कुमार सारस्वत ने बताया कि इन मुकदमों में नामजद दोनों आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें से एक आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है जबकि दूसरा आरोपी फरार चल रहा है। जांच अधिकारी के अनुसार जेल में बंद आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही फरार चल रहे उसके दूसरे साथी की भी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि 23 सितम्बर को टाउन पुलिस थाना में बलवन्त पुत्र जोगेन्द्र सिंह निवासी पीरकामडिय़ा व बलवन्त सिंह पुत्र अमरजीत सिंह निवासी सुरेशिया के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए थे। सुमन पत्नी लालचन्द कुम्हार निवासी गुरुसर ने 99 हजार 900 रुपए, हरबंश सिंह पुत्र बलवन्त सिंह तरखान निवासी वार्ड नम्बर 21, हनुमानगढ़ टाउन ने 18 हजार रुपए जबकि कुलदीप सिंह पुत्र सुखविन्द्र सिंह जटसिख निवासी कॉलेज फाटक के पास, नई आबादी हनुमानगढ़ टाउन ने एफडी के नाम पर एक लाख रुपए लेकर फरार हो जाने के आरोप में मामला दर्ज करवाया था।