17 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पहला मुकाबला 24 अक्टूबर को पाकिस्तान से है। इधर IPL में विराट कोहली ने एक ऐसा काम किया है जो पाकिस्तान के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं है। दरअसल, कप्तानी छोड़ने के ऐलान के बाद लगातार विराट ओपनिंग करते हुए गेंद को 30 गज के घेरे के फील्डर के ऊपर से मार रहे हैं। यानी, उन्होंने पावरप्ले में रन बनाने की ठान ली है। पिछले 3 मैच में उन्होंने पावरप्ले के दौरान 59 बॉल खेली हैं और 150 की स्ट्राइक रेट से 88 रन बनाए हैं।
शुरुआती पावरप्ले का मतलब है कि पारी की शुरुआत के वक्त 5 ओवर तक 30 गज के घेरे के बाहर सिर्फ 2 ही प्लेयर फील्डिंग कर रहे होते हैं। तब अगर कोई बैट्समैन गेंद को इस घेरे पर लगे फील्डर के सिर के ऊपर से मारे तो वो रन बनाने में सफल होता है। विराट ने यही रणनीति अपनाई है, जो टी20 वर्ल्ड कप में भी जारी रख सकते हैं, क्योंकि विराट कोहली का अब तक टी20 में स्ट्राइक रेट 133 का था। जो पिछले 3 मैच में 150 के पार हो गया है।