जयपुर
बसपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले छह में से चार असंतुष्ट विधायकों ने अब यू टर्न ले लिया है। विधायकों के उग्र तेवर अब नरम पड़ चुके हैं। दो दिन से दिल्ली में डेरा जमाए विधायक सुप्रीम कोर्ट के नोटिस का जवाब देने के लिए कानूनी राय लेने की बात कह रहे हैं। एक दिन पहले चार विधायक दिल्ली पहुंचे थे। विधायकों के तेवर तल्ख और सख्त थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के डैमेज कंट्रोल के बाद अब चारों विधायकों के सुर बदले हुए हैं।
बसपा से कांग्रेस में आए विधायक राजेंद्र गुढ़ा, संदीप यादव, लाखन सिंह और वाजिब अली ने एक दिन पहले नाराजगी जाहिर की थी। चारों विधायक नाराज बताए जा रहे थे। इन विधायकों ने कहा था कि हमारी प्राथमिकता सदस्यता बचाने की है। हम किसी भी कीमत पर सदस्यता नहीं खोना चाहते। इसके लिए हम किसी से भी मिलने को तैयार हैं। इस बयान के एक दिन बाद ही चारों विधायक नरम पड़ गए हैं।