नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0 और अमृत 2.0 प्रोग्राम की शुक्रवार को शुरुआत की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मोदी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को मजबूती देने का बीड़ा अब नई पीढ़ी ने उठा लिया है। आज बच्चे चॉकलेट के रैपर फेंकते नहीं बल्कि जेब में रख लेते हैं और गंदगी फैलाने पर बड़ों को भी टोकते हैं।
मोदी ने कहा कि साफ-सफाई के मामले में युवा पहल कर रहे हैं। कुछ वेस्ट से भी कमाई कर रहे हैं तो कई जागरुकता फैला रहे हैं। सूखे और गीले कचरे को अलग करने के लिए लोग जागरुक हो गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन से दूसरे फेज में शहरों से कूड़े के पहाड़ पूरी तरह हटाए जाएंगे। मोदी ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से कहा कि ऐसा ही एक पहाड़ लंबे समय से दिल्ली में भी है, यह भी हटने का इंतजार कर रहा है।
मोदी ने कहा कि बाबा साहेब, असमानता दूर करने का बहुत बड़ा माध्यम शहरी विकास को मानते थे। बेहतर जीवन की आकांक्षा में गांवों से बहुत से लोग शहरों की तरफ आते हैं। हम जानते हैं कि उन्हें रोजगार तो मिल जाता है लेकिन उनका जीवन स्तर गांवों से भी मुश्किल स्थिति में रहता है।