जयपुर
पंजाब कांग्रेस के ऑब्जर्वर हरीश चौधरी ने नाम लिए बिना कैप्टन अमरिंदर सिंह और जी-23 के नेताओं को निशाने पर लिया है। हरीश चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सामान्य बैकग्राउंड के व्यक्ति चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया है। पंजाब में विवाद कौन कर रहा है?। विवाद वे लोग कर रहे हैं जो आम लोगों तक ताकत और फैसले नहीं पहुंचने देना चाहते।
नवजोत सिंह सिद्धू की नाराजगी और मुद्दों पर सहमति के सवाल पर चौधरी ने कहा कि सिद्धू के इस्तीफे और मुद्दों पर सहमति का मामला मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं है। सिद्धू हमारे पार्टी के नेता हैं, उन्होंने जो इस्तीफा दिया है यह आलाकमान पर निर्भर करता है कि वह क्या करेंगे?
हरीश चौधरी ने कपिल सिब्बल और जी-23 के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में अध्यक्ष कैसे नहीं हैं, सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। सवाल वे लोग उठा रहे हैं जो कांग्रेस की प्रक्रिया को नहीं जानते हैं। कांग्रेस में सलाह देने का अधिकार सबको है। खुद को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बनाकर पंजाब के प्रभारी की जिम्मेदारी देने के सवाल पर चौधरी ने कहा कि मेरी जिम्मेदारी राजस्थान में राजस्व मंत्री के तौर पर है। आगे हाईकमान जो जिम्मेदारी देगा, उसे निभाया जाएगा।