जयपुर
अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान शाहीन का आंशिक असर राजस्थान में पड़ा है। पाली, जोधपुर, झुंझुनूं जिले के कुछ क्षेत्रों में बीती शाम से सुबह तक करीब 3 इंच से ज्यादा बरसात हुई। पाली क्षेत्र में अच्छी बरसात होने के कारण जवाई बांध में भी पानी आया, जिससे बांध का गेज 4 सेंटीमीटर बढ़ गया। वहीं, बीसलपुर बांध का गेज भी पिछले 24 घंटे में 3 सेंटीमीटर बढ़ गया।
जयपुर मौसम विभाग की माने तो शाहीन का मामूली असर राजस्थान के पश्चिमी क्षेत्र में पड़ा है। इसके अलावा थर्डरस्ट्रॉम के चलते भी पश्चिमी क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। बीते 24 घंटे के दौरान जोधपुर, पाली, झुंझुनूं क्षेत्र में अच्छी बरसात हुई। इसके अलावा राजसमंद, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा और अजमेर जिलों में भी बरसात हुई। मौसम विभाग की माने तो राजस्थान के पूर्वी हिस्से कोटा, उदयपुर संभाग के जिलों में बारिश हो सकती है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के एरिया में आज मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।