बीकानेर

- कंवरसेन लिफ्ट में 50 क्यूसेक पानी कम किया
इंदिरा गांधी नहर की मरम्मत के लिए पंजाब में काम शुरू हो गया है। हरिके बैराज से आरडी 496 तक पंजाब की सरहिंद फीडर और इंदिरा गांधी नहर बराबर में चलती हैं। इंदिरा गांधी नहर की मरम्मत के लिए इसमें पानी पूरी तरह बंद करना होगा इसलिए सरहिंद फीडर से आरडी 496 से राजस्थान को पानी दिया जाएगा। इसलिए चार दिन पहले कट लगाया था और तीन दिन में राजस्थान को पानी देने का वादा पंजाब ने किया था लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी पंजाब से राजस्थान को पानी की बूंद नहीं मिल रही। शुरू के दो दिन तो नहर से आ रहे पानी से काम चला लिया लेकिन पौंड खाली करके नहर में पानी दिया जा रहा है।
हालांकि नहर अभियंताओं का कहना है कि शुक्रवार से पंजाब से पानी मिलना शुरू हो जाएगा। राजस्थान में पेयजल किल्लत नहीं होगी। फिर एहतियात के तौर पर सभी नहरों में थोड़ा-थोड़ा पानी कम किया जा रहा है। कंवरसेन लिफ्ट में 50 क्यूसेक पानी कम किया गया है। गजनेर लिफ्ट में पूरा 250 क्यूसेक पानी चल रहा है जबकि कंवरसेन को 100 क्यूसेक दिया जा रहा है। दूसरी ओर शहर के दोनों ही जलाशय लबालब हैं।
रोज की सप्लाई नहर से नियमित मिल रहे पानी से हो रही है। इसलिए शहर में फिलहाल पेयजल संकट के कोई आसार नहीं है। इंदिरा गांधी नहर के अधीक्षण अभियंता रेगुलेशन हरीश छतवानी का कहना है कि 28 अप्रैल तक राजस्थान के नहरी आधारित जिलों में पानी की कोई कमी नहीं होगी। 28 से जब पूर्ण नहरबंदी होंगी तब पानी बंद होगा।