झुंझुनूं
झुंझुनूं जिले में बदमाश एटीएम उखाड़ कर ले गए। बदमाशों ने चिड़ावा शहर के मंड्रेला बाइपास चौराहे के पास लगे एसबीआई बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। बदमाश 12 लाख रुपए से भरा एटीएम उखाड़कर 25 किलोमीटर दूर बड़सरी गांव के खेत में ले गए। यहां रुपए लूट कर एटीएम को वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
चिड़ावा क्षेत्र में 25 दिन में यह पांचवीं लूट की वारदात है। पुलिस अब यह अंदेशा जता रही है कि यह गैंग हरियाणा की हो सकती है। इससे पहले बदमाशों ने चिड़ावा में ही बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को लूटने का प्रयास किया। यहां भी उन्होंने सीसीटीवी को काले रंग का स्प्रे कर ढक दिया, लेकिन अचानक से कुछ गाड़ियां निकलने लगी तो बदमाश डर कर वहां से फरार हो गए थे। अब बदमाशों ने एसबीआई बैंक के एटीएम को निशाना बनाया।