जयपुर
जयपुर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पुलिस ने अपराधियों पर सेना की स्टाइल में सर्जिकल स्ट्राइक कर दी। देर रात 3 बजे शुरू हुए सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने 150 से ज्यादा बदमाशों और हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। जयपुर के चारों सर्किल में 341 जगहों पर 2500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने गैंगवार में शामिल आरोपी, हिस्ट्रीशीटर, फरार वारंटी, चोरी की वारदातों में शामिल 300 से अधिक बदमाशों की सूची बनाई थी।
एडिशनल कमिश्नर अजयपाल लांबा ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस टीमों ने जयपुर के चारों सर्किल में ऑपरेशन शुरू किया। मानसरोवर, मुहाना, मोतीडूंगरी, भांकरोटा, सांगानेर, प्रताप नगर, जवाहर नगर जैसे 341 स्थानों पर पुलिस की टीम पहुंची। हर टीम में 7 पुलिसकर्मी थे। हर थाना स्तर पर बदमाशों को पकड़ कर घरों की तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि सुबह 3 बजे से शुरू हुआ अभियान दोपहर करीब 12 बजे तक जारी रहा। बदमाशों के घरों से हथियार व रुपए भी बरामद हुए हैं।