नई दिल्ली
मॉरल पुलिसिंग पर बयान को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बाद अब कर्नाटक के CM बसवराज बोम्मई भी विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल बोम्मई से पत्रकारों ने मॉरल पुलिसिंग की घटनाएं बढ़ने और कुछ आरोपियों को BJP विधायकों द्वारा सपोर्ट किए जाने को लेकर सवाल किया था। इस पर मुख्यमंत्री बोले कि किसी घटना पर प्रतिक्रिया होना लाजिमी है।
बोम्मई के इस बयान पर कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कटाक्ष किया है। सुरजेवाला का कहना है कि किसानों से निपटने के लिए गुंडों की फौज तैयार करने के हरियाणा CM के बयान के बाद कर्नाटक के CM ने एक और रत्न पेश किया है। बोम्मई की नई न्यूटन थ्योरी ‘एक्शन एंड रिएक्शन’ मॉरल पुलिसिंग का समर्थन करने वाली है। अगर BJP के मुख्यमंत्री गुंदागर्दी को सही ठहराएंगे तो कानून का पालन कौन करवाएगा?
बता दें बोम्मई ने बुधवार को कहा था कि समाज में कई तरह की भावनाएं होती हैं और किसी का व्यवहार ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे कि भावनाएं आहत हों। अगर ऐसा होगा तो एक्शन का रिएक्शन भी होगा। बोम्मई ने ये भी कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक सौहार्द बनाए रखना भी सरकार की जिम्मेदारी है।