Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान की जनता प्यासी है, गजेंद्र सिंह जल संसाधन मंत्री हैं तो पानी का इंतजाम करें, सरकार गिराने का काम बंद करें

बीकानेर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने शनिवार को केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह पर हमला बोलते हुए कहा- राजस्थान की जनता ने वोट देकर मंत्री बनवाया है तो वह दिल्ली में एफआईआर करवाने क्यों जा रहे हैं? वो जल संसाधन मंत्री है, गर्मी आ रही है और राजस्थान की जनता प्यासी है। उन्हें प्रदेश के लोगों के लिए पीने के पानी का इंतजाम करना चाहिए न कि सरकार गिराने का प्रयास करना चाहिए। शनिवार को डोटासरा एक दिनी यात्रा पर बीकानेर में हैं। डोटासरा ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कई सवालों का बेबाक जवाब देते हुए केंद्र सरकार पर हमले बोले। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह की ओर से दर्ज एफआईआर पर भी नाराजगी जताई।

सत्ता का दुरुपयोग…
एक तरफ गजेंद्र सिंह कह रहे हैं कि राजस्थान सरकार ने फोन टेपिंग की थी। घटना राजस्थान की है तो उन्हें केस भी राजस्थान में दर्ज कराना चाहिए था। नई दिल्ली में केस दर्ज करवाकर वो क्या साबित करना चाहते हैं? आठ महीने बाद सत्ता का दुरुपयोग करके दिल्ली में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। उन्होंने कहा- इंदिरा गांधी नहर बंदी के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में जल संकट खड़ा होने वाला है। ऐसे में डोटासरा ने गजेंद्र सिंह पर जल आपूर्ति में सहयोग नहीं करने का आरोप भी लगाया।

चारों सीटों पर कांग्रेस जीतेगी
डोटासरा ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा देशभर में डरा धमकाकर काम कर रही है। उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी को डराकर उसका नामांकन वापस करने के मुद्दे पर कहा कि उनके बेटे को मजबूर किया गया। संविधान के मुताबिक कोई भी चुनाव लड़ सकता है। एक व्यक्ति को चुनाव नहीं लड़ने दिया जा रहा है। एक पिता की कॉलर पकड़कर बेटा लेकर जा रहा है। उसे इतना मजबूर कर दिया कि तेरे पिता की कितनी भी बेइज्जती हो जाए, हमारी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दावा कि चारों सीटों पर कांग्रेस जीतकर आ रही है।

अलवर में टिकैत पर हमला…
किसानों को समर्थन देने वाले सभी लोग मोदी सरकार के टारगेट पर हैं। चाहे वो हमला करवाए, ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) को भेजें। अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार कुछ भी कर सकती है। साम दाम दंडभेद सब कुछ कर सकती है। दरअसल, उन पूंजीपतियों का इतना इनवेस्टमेंट हो गया है कि हिसाब पूरा करवाने के लिए सरकार को काम करना पड़ रहा है।

उपचुनाव में एंटी इनकमबेंसी…
हमारे खिलाफ कोई एंटीइनकमबेंसी नहीं है। कोरोना में हमने बहुत शानदार काम किया है। बजट को जनता ने जादूगरी बताया है। हर क्षेत्र में बेहतर काम करने का प्रयास किया था। आज केंद्र में भय का वातावरण है। किसानों पर लाठी बरसाई जा रही है, राजस्थान सरकार किसानों के लिए अलग बजट की बात कह रही है। यह अंतर है दोनों सरकारों की सोच में।

घटनाएं होती रहती हैं, एक्शन जरूरी…
किसी भी तरह की घटनाएं होती रहती हैं। केंद्र सरकार में भी राज्य सरकार में भी। महत्वपूर्ण यह है कि उन पर काम कितना जल्दी हो रहा है। झुंझुनूं में जो कुछ हुआ, उस पर कितनी जल्दी कार्रवाई की गई। अन्य घटनाओं पर भी त्वरित कार्रवाई की गई। सजा के अंजाम तक पहुंचाने का काम सरकार का है।

राजनीतिक नियुक्ति…
संगठन में जल्द ही राजनीतिक नियुक्तियों का दौर चलेगा। संगठन स्तर पर भी विस्तार होगा। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति भी होगी। जो संगठन के लिए जितना काम करेगा, उसे उतना ही पुरस्कार भी मिलेगा।

सबसे पटती है…
डोटासरा से जब पूछा गया कि उनकी सचिन पायलट से आजकल पटने लगी है तो वो बोले सबसे पटती है। हम सब एक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *