जयपुर
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल रहा है। राज्य में सर्दी आने से पहले बीते 24 घंटे के दौरान कोटा, भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के जिलों में तेज बारिश हुई। बारां, करौली जिलों में तो 100 से 150MM के बीच बारिश हुई। वहीं सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा जिलों में भी 2 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज हुई।
मौसम के इस रूप को देखकर ऐसा लग रहा है मानो आश्विन नहीं बल्कि भादौ का महीना चल रहा हो। बारिश के दौर से जहां रबी की फसल बोने का इंतजार कर रहे किसानों को फायदा है, वहीं उन किसानों को नुकसान भी है, जिन्होंने हाल ही के 4-5 दिन पहले सरसों, चने की फसल बोई है।
जयपुर मौसम विभाग की माने तो बीती रात अजमेर, अलवर, जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, भरतपुर, चूरू, करौली, धौलपुर में भी कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश बारां जिले के किशनगंज में (6 इंच से ज्यादा यानी 158MM) हुई। इसके अलावा करौली जिले के सपोटरा, हिंडौन में भी जबर्दस्त बारिश हुई। कोटा, बारां, सवाई माधोपुर, धौलपुर, करौली, भीलवाड़ा, बूंदी, भरतपुर, प्रतापगढ़, टोंक और अलवर जिले के 50 कस्बों और ग्रामीणों इलाकों में 1 से 3 इंच तक बारिश हुई है। मौसम विभाग की मानें तो बारिश का ये दौर आज भी पूरे दिन राजस्थान के पूर्वी हिस्से में बना रह सकता है।