श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ दिनों से बाहरी लोगों पर हमले बढ़ गए हैं। आतंकी यहां खासतौर से गैर-कश्मीरी मजदूरों को निशाना बना रहे हैं। रविवार को ही आतंकियों ने साउथ कश्मीर के कुलगाम में बिहार के 3 लोगों को गोली मार दी। इनमें से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। कुलगांव के लारन गंजीपोरा एरिया में जिन्हें गोली मारी गई, वे सभी मजदूर थे।
इससे पहले, शनिवार को आतंकियों ने श्रीनगर के ईदगाह इलाके में बिहार के एक हॉकर को गोली मार दी थी। गंभीर स्थिति में उसे श्रीनगर के SMHS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए व्यक्ति का नाम अरविंद कुमार साह था। वह बिहार के बांका जिले का रहने वाला था और रेहड़ी लगाकर पानी पुरी बेचता था। दूसरी घटना में आतंकियों ने शनिवार को ही पुलवामा में सगीर अहमद नाम के शख्स को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। UP का रहने वाला सगीर कारपेंटर था।