जयपुर
राजस्थान में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया समेत अन्य मौसमी बीमारियों ने कहर मचा रखा है। अस्पतालों में ओपीडी के साथ-साथ आईपीडी में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए मंगलवार को चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने प्रदेश के सभी चिकित्सा, स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) और विभाग से जुड़े अधिकारियों संग बैठक कर इसे कंट्रोल करने पर चर्चा की। साथ ही, मंत्री ने अगले आदेशों तक सभी जिलों के चिकित्सा अधिकारियों की छुटि्टयों पर रोक लगा दी है।
अक्टूबर में अब तक राजस्थान के 33 में से 30 जिलों में 6790 से भी ज्यादा डेंगू के केस मिले हैं। यह आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हर जिले में ओपीडी में मरीजों की लम्बी लाइनें लग रही हैं। जांच केन्द्रों के साथ-साथ हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। इसे देखते हुए चिकित्सा मंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों के CMHO को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए 20 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक डेंगू मुक्त राजस्थान अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए हर जिले में एक कंट्रोल रूम और रैपिड रेस्पॉन्स टीम का गठन करने के लिए कहा है, जो 24×7 समय चले और लोग उन पर फोन करके मौसमी बीमारियों संबंधी जानकारी और उनके बचाव के बारे में परामर्श ले सकें।