उदयपुर
दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव में प्रचार जोरों पर है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर के पास की वल्लभनगर सीट की जगह धरियावद पर ज्यादा फोकस कर रखा है। दूसरी ओर विवादित बयानों के बाद कटारिया ने वल्लभनगर से दूरी बना रखी है। अब तक एक बार भी वहां चुनाव प्रचार के लिए नहीं गए हैं। पिछले 11 दिनों में एक बार भी वल्लभनगर नहीं जाना चर्चा का विषय बन गया है। इसके ठीक उलट कटारिया धरियावद सीट पर रोज प्रचार कर रहे हैं। पिछले चार दिन से कटारिया धरियावद में ही कैंप कर रहे हैं।
धरियावद सीट पर बीजेपी के दिवंगत विधायक गौतम लाल मीणा पुत्र कन्हैयालाल को टिकट देने की जगह गुलाबचंद कटारिया के समर्थक खेत सिंह मीणा को उम्मीदवार बनाया है। बताया जाता है कि धरियावद पर कटारिया का ज्यादा फोकस करने के पीछे अपने समर्थक का चुनाव लड़ना भी है। वल्लभनगर सीट पर कटारिया अपने समर्थक उदयलाल डांगी को टिकट नहीं दिलवा पाए तो वह आरएलपी से चुनाव मैदान में है। वल्लभनगर से दूरी का यह भी एक कारण बताया जाता है।