मुंबई इंडियंस के हाथों रोमांचक मैच में मिली हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने माना है कि कीरोन पोलार्ड की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी को सीएसके के गेंदबाज रोकने में नाकाम रहे। उन्होंने कहा कि चेन्नई ने अच्छी क्रिकेट खेली, लेकिन पोलार्ड ने आखिर में आकर अपनी तूफानी बैटिंग से मैच को पूरी तरह से पलट कर रख दिया। पोलार्ड ने महज 34 गेंदों में 87 रनों की आतिशी पारी खेलकर मुंबई को इस मैच में यादगार जीत दिलाई।
CSK के खिलाफ जीत से मुंबई को फायदा, लेकिन प्वॉइंट टेबल में बदलाव नहीं
फ्लेमिंग ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा,’ऐसा लग रहा था कि हम शानदार प्रदर्शन कर रहे थे और यह पिछले काफी समय में संभवत: पोलार्ड की सर्वश्रेष्ठ पारी थी। अगर आप इसे देखें तो पोलार्ड ने अहम भूमिका निभाई। हमने काफी अच्छी चीजें की लेकिन उनको रोक नहीं पाए। टीम के नजरिए से हम एक बार फिर बल्लेबाजी करते हुए 200 रन के स्कोर को पार करने में सफल रहे, हमने कुछ विकेट हासिल किए और उन पर दबाव डाला और अंत में एक अच्छी पारी से हम हार गए।’ रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक के आउट होने के बाद ऐसा लग रहा था कि मुंबई इस मैच को गंवा देगी, लेकिन पोलार्ड मानो ड्रेसिंग रूम से सेट होकर आए थे और उन्होंने आते के साथ ही लंबे-लंबे सिक्स लगाना शुरू कर दिया।
मैच जिताने पर पोलार्ड बोले-इस प्रदर्शन को लोग लंबे समय तक याद रखते हैं
पोलार्ड ने महज 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और मुंबई को मैच की आखिरी गेंद पर जीत दिलाई। पोलार्ड के अलावा, हार्दिक पांड्या ने 7 गेंदों में 16 रनों की छोटी, लेकिन महत्वपूर्ण पारी खेली। कप्तान रोहित शर्मा ने 35 और डिकॉक ने 38 रनों का योगदान दिया। इससे पहले चेन्नई की तरफ से अंबाती रायडू ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 27 गेंदों में 72 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि मोईन अली ने 58 और फाफ डु प्लेसिस ने 50 रन बनाए।