बीकानेर. जिले में नोखा थाना क्षेत्र में कल देर रात को हाईवे पर जीप और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई और तीन युवक घायल हो गए। जीप में सवार पांच युवक नोखा में पटवारी भर्ती की परीक्षा देकर वापिस नागौर जिले में अपने गांव को जा रहे थे।परीक्षा देने वाले तीन युवकों की मौत हो गई।जीप चालक और दो अन्य परीक्षार्थी गंभीर घायल हो गए, जिनको एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर बीकानेर के जिला कलेक्टर नमित मेहता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्रसिंह इंदलिया पीबीएम अस्पताल पहुंचे। घायल युवकों के इलाज के बारे में उन्होंने जानकारी ली।बीकानेर पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान नागौर जिले में कुचेरा थाना अंतर्गत रूण निवासी राकेश पुत्र ओमप्रकाश जाट, कैलाश पुत्र सुखराम जाट तथा तथा भावंडा थाना अंतर्गत पियाबाड़ी निवासी नितेश पुत्र पदमाराम के रूप में हुई है। तीनों मृतकों के शव आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिए गए। घायल हुए जीप चालक रिचपाल पुत्र हनुमानराम निवासी इंदाकली रुण तथा दो परीक्षार्थियों राजू कालूराम जाट निवासी खजवाना व राकेश पुत्र बलदेव जाट निवासी रुण का बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक जब यह हादसा हुआ तो ट्रक को चालक परिचालक छोड़कर भाग गए।हादसे के समय वहां से गुजर रहे मुरली नामक व्यक्ति ने अन्य लोगों के सहयोग से जीप में फंसे सभी 6 जनों को निकाला।इनको नोखा के बागड़ी हस्पताल पहुंचाया, जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया। तीन घायलों को पीबीएम अस्पताल रैफर कर दिया गया लेकिन इनके लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने में लगभग एक घंटा लगा। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज किया है।तीनों युवकों का आज दोपहर बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।