Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बीच राह पेट्रोल खत्म हुआ तो दुपहिया के साथ पैदल पहुंचे गन्तव्य स्थान

लगातार तीसरे दिन भी बंद रहे जिले भर के करीब 125 पेट्रोल पम्प, प्रेस वार्ता में हड़ताल जारी रखने की घोषणा
हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
पड़ोसी राज्यों के बराबर वेट करने की मांग को लेकर जिले के करीब 125 पेट्रोल पम्प बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहे। जिले भर के पेट्रोल पम्पों पर सोमवार से पेट्रोल-डीजल की बिक्री अनिश्चितकाल के लिए बंद कर पेट्रोलियम डीलर्स हड़ताल पर हैं। वेट को हरियाणा व पंजाब राज्यों के बराबर करने, बायो डीजल की तस्करी पर रोक लगाने, बढ़े हुए वेट को वापस लेने सहित अन्य मांगों को लेकर पेट्रोलियम डीलर्स की ओर से बेमियादी समय के लिए हड़ताल की गई है। मंगलवार को पेट्रोलियम डीलर्स के प्रतिनिधियों की जयपुर में सरकार से हुई वार्ता में कोई हल न निकलने पर बुधवार को लगातार तीसरे दिन पेट्रोल पम्प बन्द रहने से वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उधर, बुधवार को जिला मुख्यालय पर हनुमानगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने प्रेस वार्ता कर हड़ताल जारी रखने की घोषणा की। हालांकि इससे पहले पड़ोसी जिले श्रीगंगानगर के अलावा बीकानेर में हड़ताल समाप्त होने पर यह कयास लगाए जा रहे थे कि हनुमानगढ़ में भी बुधवार को पेट्रोल पम्प संचालकों का आंदोलन समाप्त हो सकता है। लेकिन एसोसिएशन पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर इन कयासों पर विराम लगा दिया। उधर, हड़ताल के चलते बुधवार को भी पेट्रोल पम्पों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुपहिया वाहन चालक पेट्रोल खत्म होने पर वाहनों को पैदल ही घसीटकर गन्तव्य की तरफ जाते नजर आए। मजबूरी में उन्हें दुकानदारों से अधिक कीमत देकर पेट्रोल खरीदना पड़ा। पेट्रोल पम्प संचालकों की चेतावनी दी है कि जब तक मांगें नहीं मानी जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। ऐसे में हड़ताल लम्बी चलती है तो वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ेगी। पेट्रोल पम्प संचालकों के अनुसार हरियाणा व पंजाब से डीजल की तस्करी बढ?े से उन्हें प्रतिदिन लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है, क्योंकि बिक्री पूरी तरह कम हो गई है। प्रशासन की ओर से अवैध डीजल की तस्करी व अवैध बायोडीजल की बिक्री की रोकथाम के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इसके कारण पेट्रोल पम्प संचालकों को हड़ताल करनी पड़ी। अब जब तक प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हनुमानगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन जिलाध्यक्ष पतराम भाम्भू ने बताया कि वेट अधिक होने के कारण देश में आज सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिलों में बिक रहा है। इसके अलावा अवैध बायो डीजल के नाम पर अवैध व्यापार हो रहा है। गुजरात से 55 से 60 रुपए में खरीदे गए तेल में मिलावट कर डीजल के नाम पर क्षेत्र के किसानों व ट्रांसपोर्टरों को 90-92 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बेचा जा रहा है। इससे आम जनता के साथ तो ठगी हो ही रही है, वर्तमान परिस्थितियों में हनुमानगढ़ जिले के पेट्रोल पम्पों पर बिक्री इतनी कम हो गई है कि पेट्रोल पम्प संचालक अपने दैनिक खर्चे निकालने में सक्षम नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *