परीक्षा केन्द्रों पर समय से पहले ही पहुंचे अभ्यर्थी, गहन जांच के बाद एक घंटे पहले दिया गया प्रवेश हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर की ओर से आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा-2021 (आरएएस) बुधवार को नेटबंदी व कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गई। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक सत्र में जिला मुख्यालय एवं आसपास स्थित क्षेत्र तथा उपखण्ड पीलीबंगा, संगरिया, रावतसर, नोहर व भादरा में 94 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा के लिए जिले में कुल 29 हजार 500 परीक्षार्थी नामांकित थे। एक घंटे पहले परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश दिया गया। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों के बाहर कतारें देखी गई। हालांकि परीक्षा के लिए ड्रेस कोड को लेकर कोई विशेष निर्देश तो जारी नहीं किए गए थे लेकिन इसके बावजूद अधिकांश अभ्यर्थी नियमों की पालना करते दिखे। अधिकांश ने हाफ बाजू के कपड़े पहने वहीं इन अभ्यर्थियों को पूरी जांच के बाद सेंटर्स पर प्रवेश करवाया गया। कुछ सेंटर्स पर चप्पलें बाहर की खुलवा ली गई। अभ्यर्थियों के साथ लाए बैग भी कॉलेजों के बाहर ही जमा करवा लिए गए। सुबह-सुबह परीक्षार्थियों के आवागमन के साथ शहर में गहमा-गहमी का माहौल नजर आया। जिला प्रशासन व पुलिस के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती नकल रोकने की रही। तीन साल के अंतराल से हुई आरएएस परीक्षा को लेकर युवाओं में उत्साह का माहौल नजर आया। सुबह के समय सड़कों पर यातायात बढ़ गया। अधिकांश युवा नए शहर में अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों का पता पूछते हुए नजर आए। कुछ केन्द्रों पर अलसुबह ही गरम कपड़ों में लिपटे परीक्षार्थी पहुंच गए। आरएएस परीक्षा में नकल रोकना प्रशासन व पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती रहा। नकल गिरोह नित नए तरीके अपना कर नकल कराने से बाज नहीं आ रहे हैं। रीट व पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान भी नकल गिरोह पकड़े गए थे। इसी तर्ज पर बुधवार को हुई आरएएस परीक्षा के दौरान पुलिस पूरी तरह से सतर्क नजर आई। परीक्षा केन्द्रों पर आयोग के निदेर्शानुसार पुलिस जाब्ता तैनात रहा। एडमिट कार्ड व आईडी दिखाने पर ही प्रवेश दिया गया। एग्जाम सेन्टर पर थर्मल स्क्रीनिंग कर हाथों को सेनेटाइज भी कराया। पुलिस व प्रशासन के साथ उड?दस्तों ने लगातार गश्त कर नजर रखी। परीक्षा केन्द्रों पर नकल की रोकथाम के लिए अभ्यर्थियों की गहनता से जांच की गई। साथ ही घड़ी, मौजे, धूप का चश्मा, बेल्ट, हैण्ड बैग, हेयर पिन, ताबीज, केप, हैड स्कार्फ, स्टॉल, शॉल, मफलर आदि की इजाजत नहीं दी। इन पर चेकिंग के दौरान नजर रखी गई। उधर, बाहर से आए परीक्षार्थियों के लिए शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से ठहरने व भोजन की व्यवस्था की कई। अंतिम क्षण तक पढ़ाई अधिकांश अभ्यर्थी परीक्षा से पहले के अंतिम क्षण तक तैयारी कर परीक्षा पास कर लेना चाहते थे। शहर के कुछ सेंटर्स के बाहर ये लोग यहां वहां बैठे तैयारी करते दिखे वहीं सेंटर्स के बाहर कतार में लगकर भी कुछ लोग अंतिम तौर पर तैयारी में व्यस्त थे। इनके साथ लाई बुक्स आदि सेंटर्स के बाहर रखवाकर इन्हें प्रवेश दिया गया। आठ घंटे बंद रही इंटरनेट सेवाएं आरएएस प्री परीक्षा शुरू होने से पहले ही जिले भर में परीक्षा के दौरान प्रशासन ने नेटबंदी लगा दी। ऐसे में सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे इंटरनेट सेवाएं बंद रही। इस दौरान लीज लाइन को छोड़कर जिले में समस्त प्रकार की इंटरनेट सेवा बंद रही। इस संबंध में मंगलवार को बीकानेर संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा ने इस संबंध में आदेश जारी किए थे।