समझाइश कर परिजनों को सौंपा, बालश्रम के खिलाफ बाल कल्याण समिति की कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। बालश्रम व भिक्षावृत्ति के खिलाफ बाल कल्याण समिति का अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत समिति की टीम ने बुधवार को जंक्शन क्षेत्र में बालश्रम करते हुए एक बालक को दस्तयाब किया। जबकि दो बालक टीम को देख भाग गए। टीम ने मौके पर पहुंचे परिजनों से समझाइश की और भविष्य में बालश्रम करवाते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी देकर बालक परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार बुधवार को बाल कल्याण समिति को सूचना मिली कि जंक्शन में लाल चौक के नजदीक तीन बच्चों से बालश्रम करवाया जा रहा है। सूचना पर समिति सदस्य एडवोकेट विजयसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची तो तीन बालक एक रिक्शा पर कबाड़ का सामान रखकर ले जाते नजर आए। एक बालक रिक्शा चला रहा था जबकि दो बच्चे रिक्शा को पीछे से धक्का दे रहा था। रिक्शा को धक्का लगा रहे दोनों बालक टीम को आता देख मौके से भाग छूटे। रिक्शा चला रहे बालक को टीम ने बालश्रम करते दस्तयाब कर लिया। साथ ही मौके पर जंक्शन पुलिस थाना से एएसआई जसवन्त सिंह व कांस्टेबल महिपाल भी पहुंच गए। टीम ने पूछताछ की तो बालक ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ शिव मन्दिर मल्टीप्लेक्स के पास झुग्गी में रहता है। सूचना पर बालक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बालक की मां टीम के सामने रोने-चिल्लाने लगी। सीडब्ल्यूसी सदस्य विजयसिंह चौहान ने बालकों को स्कूल न भेजने का कारण पूछा तो परिजनों का कहना था कि उनका अस्थाई ठिकाना है। आज यहां तो कल कहीं और होंगे। इस कारण वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज पाते। परिजनों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में बालकों से बालश्रम नहीं करवाने की बात कही। इस पर टीम ने भविष्य में बालश्रम करवाते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी देकर बालक उसके परिजनों को सौंप दिया। इस मौके पर सीडब्ल्यूसी सदस्य विजयसिंह चौहान ने बताया कि जिले को बालश्रम व भिक्षावृत्ति से मुक्त करने के लिए समिति की ओर से जिला कलक्टर के निदेर्शानुसार लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आगामी दिनों में दीपावली त्योहार के मद्देनजर होटल, ढाबों व मिठाई बनाने वाले गोदामों की जांच की जाएगी। बालश्रम करवाते पाए जाने पर संबंधित दुकानदार, होटल-ढाबा मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।