Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सरकार के दबाव में आकर टूट गए पेट्रोल पंप डीलर

आश्वासन तक नहीं मिला और खोल दिए पेट्रोल पंप
श्रीगंगानगर ।
पहली बार अभूतपूर्व एकजुटता प्रदर्शित करते हुए बीकानेर संभाग के चारों जिलों सहित प्रदेश के लगभग 10 जिलों में पूर्ण रूप से हड़ताल पर गए पेट्रोल पंप डीलर आखिरकार सरकार के दबाव के आगे टिक नहीं पाए। सरकार द्वारा बनाए गए चौतरफा दबाव के चलते तीसरे दिन आज दोपहर पेट्रोल पंप डीलर्स हड़ताल से अपने कदम पीछे खींच लिए। सरकार की तरफ से उनकी मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए कोई आश्वासन तक नहीं दिया गया है। आज जयपुर में राजस्थान पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ सरकार की कोई वार्ता नहीं हुई। अलबत्ता कल दोपहर 12 बजे मांगों पर चर्चा करने के लिए एसोसिएशन को निमंत्रण किया गया है। इधर,श्रीगंगानगर में जिला कलेक्टर जाकिर हुसैन के साथ 2-3 पेट्रोल पंप मालिकों की बैठक हुई। इस बैठक में क्या बातचीत हुई, इसका खुलासा नहीं किया गया लेकिन दोपहर बाद 4 बजे पेट्रोल पंप खोल दिए गए।
हासिल जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन पर सरकार चौतरफा दबाव बनाने में कामयाब रही है। एसोसिएशन द्वारा मांग की जा रही थी कि अन्य राज्यों के साथ लगते प्रदेश के जिलों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को युक्तिसंगत बनाया जाए ताकि इन राज्यों से बड़े पैमाने पर हो रही तेल की तस्करी पर अंकुश लगे।उनके पेट्रोल पंपों की बिक्री में इजाफा हो।बायो-डीजल, पैराफिन ऑयल, बेस्ड ऑयल की बिक्री प्रतिबंधित करने और पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण काल के दौरान लगाए गए 6 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स को वापस लिया जाए। इन मुद्दों और मांगों को लेकर डीलर एसोसिएशन ने सोमवार से हड़ताल कर दी थी।बीकानेर संभाग के चारों जिलों बीकानेर, श्रीगंगानगर,चूरू और हनुमानगढ मैं सभी लगभग 600 पेट्रोल पंप को बंद कर दिया गया।सरकार को यह हड़ताल तोड़ने की पहली कामयाबी कल दोपहर को ही मिली, जब बीकानेर जिले के पंप मालिकों ने कदम पीछे खींच लिए। दोपहर बाद ही बीकानेर जिले में पेट्रोल पंप खुल गए। एसोसिएशन ने बाकी तीन जिलों में हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया था, लेकिन आज दोपहर होते-होते एसोसिएशन सरकार के दबाव में इस कदर आ गई कि हड़ताल खत्म करने के अलावा कोई रास्ता दिखाई नहीं दिया। सरकार की तरफ से उनकी मांगों पर कोई आश्वासन तक नहीं दिया गया है। सिर्फ इतना कहा गया है कि सरकार सकारात्मक रुख से काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *