कैमिस्ट और सप्लायर को किया नामजद
श्रीगंगानगर। नई मंडी घड़साना थाना पुलिस ने गांव में परचून की दुकान करने वाले दो भाइयों को मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में नशीली गोलियां लेकर जाते हुए गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी मदनलाल बिश्नोई ने बताया कि कल देर रात को पुरानी मंडी घड़साना निवासी सुनील और अनिल अरोड़ा (पुत्र जोगिंदरपाल) को संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल पर जाते हुए पकड़ा। इनके पास एक कार्टून में 21 हजार 350 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इन भाइयों की निकटवर्ती जनतांवाली गांव में परचून की दुकान है। दुकान की आड़ में नशा करने वालों को अवैध रूप से नशीली गोलियां बेचते थे। इनके बारे में कुछ दिनों से गोपनीय रूप से सूचनाएं भी मिल रही थीं। थाना अधिकारी के अनुसार पूछताछ करने पर पता चला कि घडसाना के ही एक मेडिकल स्टोर संचालक ने करीब 15 दिन पहले एक सप्लायर से नशीली गोलियों की बड़ी खेप इन भाइयों को दिलवाई थी। उन्होंने खेप पुरानी मंडी घड़साना में अपने घर में छुपा कर रख दी थी। धीरे धीरे नशीली गोलियां जनतावाली में परचून की दुकान पर ले जाकर नशा करने वालों को बेच रहे थे। कल रात एक साथ इतनी बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां दुकान पर ले जा रहे थे, तब पकड़े गए। उन्होंने बताया कि सप्लायर से नशीली गोलियों की खेप दिलाने में घडसाना के ही एक मेडिकल स्टोर संचालक का नाम सामने आया है। उसे तथा सप्लायर को इन दोनों भाइयों के विरुद्ध कल देर रात को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए मुकदमे में नामजद कर लिया गया है। दोनों को आज अदालत में पेश करने पर मेडिकल स्टोर संचालक तथा सप्लायर के बारे में पूछताछ करने के लिए रिमांड मिला है।