जम्मू
पुंछ के जंगलों में आतंकियों की ढूंढ रही सेना और पुलिस का ऑपरेशन अभी लंबा खिंच सकता है। सेना का कहना है कि एक हफ्ते तक अभी और ऑपरेशन चल सकता है। आतंकियों की तलाश में हर एक रणनीति अपनाई जा रही है। पुंछ के जंगलों में पिछले 17 दिन से आतंकियों की तलाश चल रही है। आतंकियों की तलाश में 3 हजार से अधिक सैन्य जवान और पुलिस का स्पेशल आपरेशन ग्रुप लगा हुआ है। 11 और 14 अक्तूबर को घात लगाकर आतंकी दो हमले कर चुके हैं जिसमें दो जेसीओ समेत 9 जवान शहीद हो चुके हैं।
कई बार आतंकियों से मुठभेड़ हो चुकी है। जबकि आतंकियों की तलाश में मौके पर ले जाए गए एक पाकिस्तानी आतंकी की मौत हो चुकी है। घने जंगल और दुरूह भौगोलिक परिस्थितियों में आतंकियों से मुठभेड़ अंजाम तक नहीं पहुंच पाई है। उल्लेखनीय है कि पुंछ पुलिस के पास उक्त जंगलों में आतंकियों के होने की सूचना दो महीने से थी। आतंकियों से सामना होने पर दो अलग-अलग हमलों में दो जेसीओ समेत नौ जवान शहीद हो गए।