बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज पूरे 56 सालों के हो चुके हैं। शाहरुख खान हर साल अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाते हैं, लेकिन इस साल उनके बेटे आर्यन खान का नाम ड्रग केस से जुड़ने के कारण ऐसा नहीं हो सका है। लेकिन बेटे को जमानत मिलने के बाद अब शाहरुख के जन्मदिन पर उनके घर मन्नत को लाइट्स से सजा दिया गया है।
बॉलीवुड पैप विरल भयानी ने जगमगाते हुए मन्नत का एक वीडियो शेयर किया है। मन्नत की हर मंजिल को खूबसूरत लाइट्स से सजाया गया है। ये लाइट्स, शाहरुख खान के जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले लगाई गई थीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, शाहरुख खान का घर मन्नत, उनके बर्थडे और दीवाली सेलिब्रेशन से पहले रोशन हुआ है।