खाजूवाला(सीमा सन्देश)। क्षेत्र में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस बार भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा चौकियों पर तैनात अधिकारियों ने तारबंदी के पास दीप प्रज्ज्वलित कर त्योहार मनाया। कमांडेंट हेमंत यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर इसकी शुरूआत की व सभी जवानों एवं क्षेत्रवासियों को बधाई दी। इस अवसर पर समीपवर्ती गांवों के लोग भी जवानों का उत्साह बढ़ाने के लिए चैक पोस्ट पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों व जवानों को मिठाई भेंट कर शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र में दीपावली पर उत्साह देखने को मिला। लोगों ने लक्ष्मी पूजन कर खूब आतिशबाजी की। राम-राम के दिन सभी एक-दूसरे के घर मिलने व शुभकामनाएं देने पहुंचे।