जयपुर
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में कल रात हुई कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक में मंत्रियों के बीच खींचतान खुलकर सामने आ गई। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्व मंत्री हरीश चौधरी के बीच रेवेन्यू महकमे के काम पेंडिंग होने को लेकर जमकर नोकझोंक हो गई। हरीश चौधरी चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे। डोटासरा ने प्रशासन गांवों के संग अभियान को लेकर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी को निशाने पर लिया तो हरीश चौधरी ने भी जवाब दिया।
डोटासरा ने बैठक में कहा कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान सबसे ज्यादा पेंडिंग काम राजस्व मामलों के हैं। राजस्व मंत्री चंडीगढ़ जाकर बैठ गए हैं, हम किससे जाकर कहें। तहसीलदारों की पोस्ट खाली है। प्रशासन गांवों के संग अभियान में नायब तहसीलदारों को तहसीलदार के अधिकार दिए जाते रहे हैं, लेकिन इस बार नहीं दिए गए। डोटासरा ने जोहड़ की जमीन का मामला भी उठाया।